
गांव में मिले पैंथर के पगमार्क
धौलपुर. जिले के राजाखेड़ा उपखंड में चंबल किनारे के कुछ गांवों में बीते एक सप्ताह से वन्यजीव का आंतक है। वन्यजीव के चीलपुरा और अंडवा पुरैनी गांवों में गोवंश और मवेशियों का शिकार कर चुका है। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग की टीम गुरुवार को चीलपुरा पहुंची और संदिग्ध पगमार्क उठाए। फिलहाल पगमार्क पैंथर के होना प्रतीत हो रहा है।
उधर, वन विभाग प्रशासन ने ग्रामीणों को देर शाम अकेले बाहर नहीं निकलने और मवेशियों को बाड़े में अंदर सुरक्षा में बांधने की हिदायत दी है। साथ ही कहा कि किसी भी घटना पर टीम को सूचना दें। उधर, डीएफओ वी.चेतन कुमार ने कहा कि पगमार्क के आधार पर इलाके में वन्यजीव की ट्रेकिंग की जा रही है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त कथित पैंथर धौलपुर शहर के मचकुंड इलाके में नजर आया, वो नहीं है। लेकिन पूर्णतया पुष्टि जांच के होने की बात कही।
बछड़े का किया शिकार, पुरैनी में दो भैंस
ग्रामीणों बताया कि कथित पैंथर का बीते एक सप्ताह से रात्रि के समय मूवमेंट बढ़ा है। बताया कि गुरुवार को केडी पचौरी नामक व्यक्ति के बछड़े का पैंथर ने शिकार बनाया। लोगों को बछड़ा मृत मिला और जमीन पर खून ओर लोथड़े पड़े थे। इसी तरह अंडवा पुरैनी में दो भैंसों का शिकार कर चुका है। साथ ही बकरियों को भी निशाना बनाया। उक्त घटनाओं से ग्रामीण डरे हुए हैं।
दोनों पैंथर अलग
डीएफओ ने बताया कि धौलपुर शहर के नजदीक जिस पैंथर का मूवमेंट और राजाखेड़ा में घूम रहे वन्यजीव अलग अलग हैं। बताया कि राजाखेड़ा क्षेत्र से टीम ने लिया पगमार्क अलग है और धौलपुर के मुकाबले छोटा पग है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि राजाखेड़ा क्षेत्र में पैंथर किस इलाके से घुसा है। यह क्षेत्र यूपी से लगता है जबकि जहां पैंथर का मूवमेंट है वह बीहड़ और चंबल नदी किनारे का क्षेत्र है।
राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल क्षेत्र से जुड़े जंगल में पैंथर और भालू
उधर, वन विभाग अधिकारी ने बताया कि जिले में गत दिनों हुई वन्यजीव गणना में बाड़ी रोड स्थित राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल क्षेत्र के जंगल में पैंथर और भालू की पुष्टि हुई थी। यह गणना में भी आया था। कहा कि हाल में आरईसीएल इलाके में नजर आया पैंथर भी इसी क्षेत्र में है। गौरतलब रहे कि धौलपुर से बाड़ी क्षेत्र में चंबल किनारे डांग और बीहड़ में वन्यजीवों का बसेरा है। फिर आगे यह क्षेत्र सरमथुरा इलाके से कनेक्ट होता है जो धौलपुर-करौली टाइगर सेंचुरी अंतर्गत है।
- राजाखेड़ा क्षेत्र के चंबल किनारे गांवों में वन्यजीव की सूचना पर टीम भेजी थी। पगमार्क लिया है। संभवतया पैंथर का है लेकिन यह धौलपुर शहरी क्षेत्र के नजदीक घूम रहा पैंथर नहीं है। हालांकि, पूर्णतय पुष्टि ट्रेङ्क्षकग के बाद ही हो सकेगी।
- वी.चेतन कुमार, डीएफओ धौलपुर
Updated on:
27 Aug 2026 07:49 pm
Published on:
27 Aug 2026 07:49 pm
