धौलपुर

Dholpur: पंचायत चुनाव में दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, बगावत से बढ़ी बैचेनी

पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण के तहत सरमथुरा पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है चुनावी दंगल में सबसे बड़ा सिरदर्द दलगत राजनीति के बागी बन चुके हैं। अपनों की बगावत ने कांग्रेस के गणित को पूरी तरह से उलझा कर रख दिया है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 7:00 PM IST
Dholpur news
सरमथुरा पहुंचे कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीना

Dholpur, सरमथुरा. पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण के तहत सरमथुरा पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। नाम वापसी की मियाद पूरी होने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है और मैदान में डटे 70 प्रत्याशियों के बीच जीत हासिल करने के लिए घमासान शुरू हो गया है।

15 वार्डों की इस चुनावी जंग में इस बार केवल आमने-सामने के उम्मीदवार ही नहीं, बल्कि राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री, विधायक, पूर्व प्रधान और नरेश मीणा समर्थकों की राजनीतिक साख सीधे तौर पर दांव पर लगी है। इस बार पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में राजनैतिक दलों ने जेन-जी पर दांव खेला है। जो नौसिखिए युवाओं को सियासी चेहरा बना अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए दिन-रात एक किए हुए है।

कांग्रेस, भाजपा को रोकने के लिए बसपा से नरेश मीणा समर्थकों ने और निर्दलीयों ने पूरी ताकत लगाई हुई है। वार्ड 7 से भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री कप्तानसिंह जादौन खुद बसपा की टिकट से किस्मत अजमा रहे हैं, वहीं वार्ड 6 से यूथ कांग्रेस के चरत मीणा ने बसपा की टिकट से मैदान में ताल ठोकी हुई है। इसीप्रकार वार्ड 9 से विहिप के सक्रिय कर्यकर्ता जीतूसिंह बसपा के टिकट से चुनावी मैदान में है।

-बागी और कृषि मंत्री ने बिगाड़े समीकरण, कांग्रेस की उड़ी नींद:

चुनावी दंगल में सबसे बड़ा सिरदर्द दलगत राजनीति के बागी बन चुके हैं। अपनों की बगावत ने कांग्रेस के गणित को पूरी तरह से उलझा कर रख दिया है। कई वार्डो में कांग्रेस के बागियों ने बसपा के टिकट पर मैदान में खुलकर चुनौती दे रखी हैं। वहीं, कृषि मंत्री डॉ किरोडी लाल मीणा ने सियासी बिगुल फूंकते हुए भाजपा के प्रत्याशियों को चुनावी रण में संजीवनी मिली है। कृषि मंत्री डॉक्टर मीणा द्वारा कई गांवों में दीपावली की रामा-शयामा करने से ही भाजपा प्रत्याशियों को बूस्टर मिला है। वहीं धरना स्थल से हुंकार भरते हुए धौलपुर करौली टाइगर अभ्यारण्य के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए सियासी पासा भी फेंका है। कृषि मंत्री की हुंकार से कांग्रेस प्रत्याशियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।

-सामान्य सीट से ओबीसी महिलाओं ने ठोकी ताल

सरमथुरा पंचायत समिति में प्रधान पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। सरमथुरा पंचायत समिति अन्तर्गत वार्ड नं 8 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। अब प्रधान पद फर कब्जा करने के उद्देश्य से कांग्रेस, भाजपा व बसपा ने सामान्य सीटों पर ओबीसी महिला प्रत्याशी खड़े कर जीतने के लिए पूरी ताकत लगाई हुई है। राजनैतिक दलों द्वारा वार्ड 4, 10, 11 में सामान्य सीटों पर प्रधान पद के समीकरण साधने का प्रयास किया है।

Updated on:
11 Nov 2026, 7:00 PM IST
Published on: