धौलपुर

प्रधानी: एक ही परिवार ने संभाली 26 साल कमान, धौलपुर पंचायत समिति में पूर्व मंत्री के परिवार के तीन सदस्य रहे प्रधान

धौलपुर पंचायत समिति में प्रधान पद की कुर्सी पर अभी तक 67 साल में से 26 साल एक ही राजनीतिक परिवार के सदस्यों का दबदबा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 9:41 AM IST
dholpur news
धौलपुर पंचायत समिति में लगा प्रधान कार्यकाल का बोर्ड

धौलपुर. पंचायती राज चुनाव के अंतर्गत आज पंचायत समितियों के प्रधान पद का चुनाव होगा। इसके बाद शनिवार को उप प्रधान चुने जाएंगे। जिले में छह पंचायत समिति हैं, जिसमें धौलपुर, राजाखेड़ा, बसेड़ी, सरमथुरा, बाड़ी व सैंपऊ शामिल हैं। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख पद के चुनाव संपन्न होने के बाद अब पंचायतीराज चुनाव अंतिम दौर में है। चुनाव को लेकर दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने सदस्यों को क्रॉस वोटिंग से बचाने की जुगत कर रहे हैं। जिला प्रमुख पद के चुनाव में एक मत से हुई हार-जीत ने कांग्रेस खैमा को अलर्ट कर दिया है। उधर, जिला प्रमुख पद के कड़े मुकाबले में मिली हार के बाद सत्ताधारी दल अब अंतिम मुकाबले में किसी तरह का रिस्क नहीं उठाना चाहती है। हालांकि, गुरुवार को भी उप जिला प्रमुख पद निर्विरोध कांग्रेस के प्रत्याशी की जीत ने भाजपा को झटका दिया।

पिता, पुत्र और पुत्रवधू रहे प्रधान

धौलपुर पंचायत समिति में प्रधान पद की कुर्सी पर अभी तक 67 साल में से 26 साल एक ही राजनीतिक परिवार के सदस्यों का दबदबा रहा है। धौलपुर पंचायत समिति में सबसे पहले प्रधान पद पर 1959 में बोहरे जगन्नाथ प्रसाद शर्मा रहे। इसके बाद 1970 से 1977 से कार्यवाहक बतौर ठाकुर रामसिंह रहे। 1981 से 1991 तक पूर्व मंत्री स्व.बनवारी लाल शर्मा के भाई स्व.मुरारीलाल शर्मा दो दफा लगातार प्रधान रहे। इसके बाद 1995 से 2000 तक उम्मेदी लाल कुशवाह ने प्रधानी की। इसके बाद फिर पूर्व प्रधान की पत्नी मीनाक्षी शर्मा साल 2000 से 2005 तक प्रधान रहीं। साल 2005 से 2010 तक धर्मेन्द्र दिनकर, 2010 से 2015 तक कमलेश कुशवाह, 2015 से 2020 तक देवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू जादौन रहे। 2021 से अभी तक सीता देवी कुशवाह रहीं है। अब देखना है कि इस दफा फिर कौन इस सीट तक पहुंचता है। यहां शुरुआत में बोहरे जगन्नाथ प्रसाद जो प्रधान रहे वह पूर्व मंत्री बनवारी लाल शर्मा के पिता हैं।

प्रधान पद के लिए मतदान आज...

उधर, पंचायत समिति प्रधान पद के लिए आज चुनाव होना है। एसडीएम सुरेश राव ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियों पूर्ण कर ली है। सुबह अभ्यर्थी प्रात: 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा प्रात: 11.30 बजे से होगी तथा अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम समय-सीमा दोपहर 1 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं, दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के मध्य मतदान होगा और उसके बाद मतगणना कर प्रधान पद का परिणाम घोषित किया जाएगा। वहीं, चुनाव के चलते शुक्रवार को पंचायत समिति परिसर में आमजन की एंट्री नहीं होगी। धौलपुर में निर्वतमान प्रधान कांग्रेस की सीमा देवी कुशवाह रही हैं। इस दफा भी उनका नाम दौड़ में बना हुआ है। यहां पर कांग्रेस के ही एक दूसरे खैमा से भी टक्कर है।

Updated on:
27 Nov 2026, 9:41 AM IST
Published on: