
बजरी पर जबरदस्त बंदोबस्त
-परिवहन रास्तों पर पुलिस का कड़ा पहरा
धौलपुर. सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित अवैध चंबल बजरी की निकासी पर रोक लगाने के बाद भी हो रहे बजरी के परिवहन को रोकने के लिए पुलिस ने तैयारी कमर कस ली है। जिला पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने स्वयं दल-बल के साथ घूमते हुए बजरी परिवहन के रास्तों का निरीक्षण किया और यहां सबसे मुख्य स्थान मौरोली मोड़ पर अस्थाई चौकी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चौकी पर करीब चार दर्जन पुलिसकर्मियों की आधुनिक हथियारों से लैस होकर तैनातगी की गई है। मोरौली रोड पर बनी अस्थाई चौकी पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी और बजरी के परिवहन को पूर्णतया रोक लगाने के प्रयास रहेगा। इसके अलावा पांच टेंट भी बजरी परिवहन मार्गों पर लगाए गए है।
एकाएक रूके बजरी के वाहन
शहरी क्षेत्र और हाइवे पर पुलिस की सख्ती के बाद बजरी वाहनों की आवाजाही देखने को नहीं मिली। ऐसे में निर्माणाधीन मकानों के कार्य एक बार फिर रूक गए है।
आमजन को मिली राहत
बजरी वाहनों की शहरी आबादी क्षेत्र में रूक जाने पर आमजन को राहत मिली है। इससे पूर्व बजरी वाहनों के लगातार निकलने के कारण राहगीरों में दुर्घटना का भय रहता था और शहर में भय का माहौल बना रहता है, जिससे फिलहाल लोगों को राहत मिल गई है।
एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
जिला पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ शनिवार को मौरोली मोड़ पर बनाई गई अस्थाई चौकी का जायजा लिया और तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।