
Dholpur, सरमथुरा. पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया में झमाझम बारिश के कारण पार्वती बांध का जलस्तर फिर बढ़ गया। रविवार सुबह 7 बजे पार्वती बांध का जलस्तर 223.05 पहुंचने पर दो अतिरिक्त गेट खोलकर पानी रिलीज किया गया। हालांकि सिंचाई विभाग ने शनिवार से ही दो गेट दो-दो फीट खोलकर 2200.76 क्यूसेक पानी रिलीज किया जा रहा था। रविवार दोपहर ढाई बजे पार्वती बांध में जलस्तर 222.95 तक पहुंचने पर सिंचाई विभाग ने राहत की सांस ली।
सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुनील सिकरवार ने बताया कि पिछले तीन दिनों में पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया में झमाझम बारिश के कारण लगातार जलस्तर बढ़ते देख सिंचाई विभाग ने शनिवार को दो गेट खोलकर पानी रिलीज करना शुरू कर दिया। रविवार को सुबह बांध में पानी की आवक बढ़ने से जलस्तर 223.05 पहुंचने पर सिंचाई विभाग ने दो गेट अतिरिक्त खोलने पड़े। रविवार शाम तक पार्वती बांध से 4401.52 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।हालांकि रविवार दोपहर ढाई बजे बाद बांध में पानी की आवक थमने से शाम तक जलस्तर 222.95 तक आ गया। जेइएन ने बताया कि पार्वती बांध के गेज का हर घंटें अपडेट लिया जा रहा है। जल संसाधन विभाग की टीम नजर बनाए हुए हैं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से आंगई थाना पुलिस मय जाप्ता के मौजूद है।
-पार्वती व शैरनी नदी पर निर्भर पार्वती बांध:
उपखंड सहित करौली जिले की बारिश का पानी पार्वती व शैरनी नदी के माध्यम से बांध में पहुंचता है। दोनो ही नदियां पार्वती बांध की मुख्य नदियां है। करौली जिले के लांगरा, भांकरी, गुरदह आदि इलाके का पानी पार्वती नदी व मासलपुर इलाके का पानी शैरनी नदी के माध्यम से पहुंचता है। पार्वती बांध के गेट खुलने से जिले में सबसे अधिक प्रभावित बसेड़ी, सैपऊ, राजाखेड़ा क्षेत्र के लोग होते हैं। पार्वती बांध का कैचमेंट एरिया 786 वर्ग किलोमीटर तक फैला हुआ है।
-बांध में स्टंटबाजी, नहाने व नाव के संचालन पर लगाई पाबंदी:
पार्वती बांध पर पुलिस, प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए है। आंगई थानाप्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि पार्वती बांध की पक्की पाल पर लोगों को आवागमन की इजाजत नही है। वही पानी के किनारे सैल्फी व रील बनाने पर पुलिस ने मोबाईल जब्त करने की हिदायत दी है। पुलिस ने पार्वती बांध के भराव क्षेत्र में स्टंटबाजी करने, नहाने व नाव के संचालन पर पाबंदी लगा दी है। बांध में नहाते मिलने पर हवालात पहुंच सकते है। वही पाल के दोनो तरफ पुलिस के जवान निगरानी कर रहे हैं। पुलिस उपाधीक्षक दुलीचंद गुर्जर लगातार मॉनिटरिंग कर रहे है।