धौलपुर

Dholpur: हिंसा से थमा मतदान, समझाइश पर 9 घंटे बाद हुआ शुरू

सरमथुरा उपखंड के गांव बरौली रविवार रात चुनावी हिंसा में एक युवक की मौत से सोमवार सुबह बरौली पोलिंग बूथ पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। एक भी मतदाता केन्द्र पर मतदान के लिए नहीं पहुंचा। शाम को फायरिंग में मृत युवक प्रीतम मीना (34) का पीएम के दाह-संस्कार होने पर अधिकारियों ने फिर से प्रयास किए। जिस पर शाम करीब 4.30 बजे मतदान शुरू हुआ
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 7:26 PM IST
dholpur news
सरमथुरा. हिंसा के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।

सरमथुरा(धौलपुर). जिले के सरमथुरा उपखंड के गांव बरौली रविवार रात चुनावी हिंसा में एक युवक की मौत से सोमवार सुबह बरौली पोलिंग बूथ पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। एक भी मतदाता केन्द्र पर मतदान के लिए नहीं पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश की और पुलिस जाब्ते ने फ्लैग मार्च कर भयमुक्त करने का प्रयास किया लेकिन 4 बजे तक स्थिति जस की तस रही। शाम को फायङ्क्षरग में मृत युवक प्रीतम मीना (34) का पीएम के दाह-संस्कार होने पर अधिकारियों ने फिर से प्रयास किए। जिस पर शाम करीब 4.30 बजे मतदान शुरू हुआ। फिर पोलिंग बूथ पर मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया और कतार लग गई। उधर, पुलिस ने चुनावी हिंसा में शामिल रहे आरोपितों की धरपकड़ के लिए एसपी विकास सांगवान के नेतृत्व में रातभर अभियान चलाया। पुलिस ने मामले में घायल आरोपित रिंकू समेत 10 जनों को हिरासत में लिया है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है और पुलिस गार्ड तैनात की है। घटना के उपरांत गांव बरौली में भारी पुलिस बल ऐतियातन बतौर तैनात किया है।

वहीं, मृतक के पिता कल्याण मीणा निवासी बरौली ने पुलिस में तहरीर दी है। इसमें बताया कि पुत्र पीतम रविवार शाम 8.30 बजे करीब बाजार से सामान लेकर घर आ रहा था, रास्ते में कुम्हार गली में राजपाल की दुकान के पास में चुनावी रंजिश एवं पुरानी घटनाओं से प्रेरित होकर रिंकू, छोटू, सचिन पुत्रगण राय सिंह, देवीचरन पुत्र मनीराम, राजू पुत्र बीधाराम, केदार पुत्र रघुपति, रघुपति पुत्र रामभजन निवासी बरौली, धनंजय पुत्र रामबद्री निवासी खानपुर बाड़ी एवं अन्य लोग एकराय होकर लाठी, डंडों, फरसे एवं अन्य हथियारों से लैस होकर पुत्र प्रीतम के साथ मारपीट की। सूचना पर वह और साथ में श्याम सिंह पुत्र कल्यान सिंह, भरत सिंह पुत्र मांगीलाल, लवकुश पुत्र रघुवीर सिंह, नितिन पुत्र श्याम सिंह एवं अन्य लोग भाग निकले। घटना स्थल की तरफ पहुंचे तो उक्त लोगों ने हमें देखकर फायर किया। जिस पर सभी ने छिपकर जान बचाई। जब हमने शोर मचाया तो यह सभी लोग भाग गए। हमले मे उसके पुत्र प्रीतम की मौत हो गई। थानाप्रभारी कैलाश गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मृतक युवक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं हिंसा में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।

आरोपी पक्ष के घरों में लगाई आग

रविवार रात्रि को सरपंच प्रत्याशी रजनी पत्नी छोटू और गीता पत्नी रामनिवास के समर्थकों में आपस में हिंसा और फायरिंग की घटना हो गई थी। दोनों पक्षों के लाठी, डण्डों और हथियारों से लैस समर्थकों ने करीब 70-80 राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग में पीतम पुत्र कल्याण की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं रिंकू पुत्र रायसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की हत्या के बाद पीडि़त पक्ष की ओर भडक़ गए और आरोपी के घर, खलियान में आग लगाने के साथ ही तोडफ़ोड़ की। सूचना पर पुलिस पहुंचा और स्थिति को संभाला। रात्रि में अग्निशमन की गाड़ी बुलाकर आग पर काबू पाया। वर्तमान में बरौली ग्राम पंचायत की रजनी निर्वतमान सरपंच है और घायल रिंकू देवर है। रजनी इस दफा फिर से चुनाव लड़ रही है।

एसपी पहुंचे, एएसपी व एसडीएम ने संभाली स्थिति

बरौली गांव में मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं होने के बाद एएसपी बाड़ी श्रवण झोरड़ और एसडीएम राकेश कुमार न्योल ने मोर्चा संभाला और गांव में समझाइश कर मतदान प्रक्रिया शुरू करने के लिए ग्रामीणों को राजी किया। आखिर मृतक का दाह-संस्कार होने के बाद शाम को वोटिंग शुरू हो सकी। इससे पूर्व हिंसा होने पर रात में एसपी विकास संागवान मय जाब्ते मौके पर पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया। एसपी गांव में रविवार सुबह करीब 5 बजे तक डटे रहे। टीम ने मुख्य आरोपित रिंकू समेत करीब 10 जनों को अलग-अलग जगहों से धरदबोचा।

- गांव बरौली में दो पक्षों में हुई हिंसा और फायरिंग में एक युवक की मृत्यु हो गई थी। जिस पर रात में आरोपितों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपित समेत 10 को हिरासत में लिया है। मतदान कराने पर पीडि़त पक्ष से वार्ता हुई, जिस पर दाह-संस्कार के बाद मतदान शुरू हो गया। शेष अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

- विकास सांगवान, एसपी धौलपुर

Updated on:
16 Nov 2026, 7:26 PM IST
Published on: