धौलपुर

Rajasthan Crime: धौलपुर में कुख्यात इनामी हिस्ट्रीशीटर मुकुट गुर्जर गिरफ्तार, बड़ी वारदात की साजिश रच रहा था

धौलपुर में बाड़ी कोतवाली पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई कर 20 हजार के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रामविलास उर्फ मुकुट गुर्जर (40) को गिरफ्तार किया। अतिराज का पुरा के पास रिंग रोड पर वारदात की फिराक में घूम रहे आरोपी को पुलिस ने दबोचा।
2 min read
• •
Oct 02, 2026
wanted history sheeter mukut gurjar held
इनामी हिस्ट्रीशीटर मुकुट गुर्जर को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस (पत्रिका फोटो)

History Sheeter Mukut Gurjar Arrested: धौलपुर जिले में बाड़ी कोतवाली थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर रामविलास उर्फ मुकुट गुर्जर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में रिंग रोड पर घूम रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, उससे पूछताछ की जा रही है।

अपराधियों और बदमाशों की धरपकड़ के लिए चल रहा विशेष अभियान

बाड़ी कोतवाली थाना प्रभारी महेंद्र शर्मा ने बताया, भरतपुर रेंज आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा और धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों और बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को हिस्ट्रीशीटर रामविलास उर्फ मुकुट गुर्जर के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली थी।

वारदात की फिराक में घूम रहा था मुकुट गुर्जर

सूचना में बताया गया कि 40 वर्षीय कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रामविलास उर्फ मुकुट गुर्जर पुत्र निर्भय गुर्जर, निवासी इब्राहिमपुर, अतिराज का पुरा गांव के समीप रिंग रोड पर मौजूद है। पुलिस के अनुसार, वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में वहां घूम रहा था। सूचना मिलने के बाद बाड़ी कोतवाली पुलिस ने डीएसटी टीम को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, रामविलास उर्फ मुकुट गुर्जर हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से करीब दो दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें गंभीर धाराओं में दर्ज मामले भी शामिल हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर धौलपुर पुलिस अधीक्षक की ओर से 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और अनुसंधान के दौरान आरोपी से जुड़ी अन्य वारदातों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और हाल की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान बाड़ी कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी की टीम मौजूद रही। मामले में आगे की जांच जारी है।

Updated on:
02 Oct 2026 02:49 pm
Published on:
02 Oct 2026 02:49 pm