
सरमथुरा. धौलपुर-करौली टाइगर अभ्यारण्य के जंगल में वन्यजीव बढ़ने से संघर्ष का खतरा बढ़ गया है। अभ्यारण्य में टाइगर के साथ चीतल, सांभर, हाइना, भालू और पैंथर विचरण कर रहे हैं। विभाग द्वारा जंगल में वन्यजीवों के संरक्षण और बेहतर सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रबंध किया गया है, लेकिन टाइगर की टेरेटरी में जंगली जानवरों के घुसने पर संघर्ष का खतरा भी बना हुआ है।
अभ्यारण्य में वन्यजीवों का कुनबा बढ़ने और कूनो नेशनल पार्क से चीता की दस्तक से पर्यटन की अपार संभावना भी दिखाई देने लगी है। अभ्यारण्य में वन्यजीवों की बढ़ती संख्या आने वाले दिनों में पर्यटन के लिहाज से क्षेत्र के लिए बेहतर साबित हो सकती है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अभ्यारण्य में टाइगर के साथ चीतल, सांभर, हाइना, भालू और पैंथर सहित दुर्लभ प्रजाति के वन्यजीव मौजूद हैं। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे में जंगलों में और भी वन्यजीव हो सकते हैं।
रेंजर वन्यजीव देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि धवल चांदनी रात में धौलपुर-करौली टाइगर अभ्यारण्य में वाटर पॉइंटों पर वन्यजीवों की गणना की गई थी। अभ्यारण्य में जरख, सियार, भेडिय़ा, नीलगाय, चीतल, सांभर, भालू और पैंथर दिखाई दिया था। उन्होंने बताया कि अभ्यारण्य में टी-116, टी-117, डीकेटीआर-2501, डीकेटीआर-2502, आरटीआर-2503 और एक शावक सहित करीब एक सौ पैंथर अधिक पैंथर, इतने सांभर आदि विचरण कर रहे हैं। हालांकि अभ्यारण्य में वन्यजीवों के संरक्षण और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाती है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व अभ्यारण्य स्थित फैलामन के जंगल में टाइगर और पैंथर के संघर्ष की आशंका जताई गई थी। जिसमें पैंथर ने जान गवां दी थी।
-अभ्यारण्य में दूसरी बार संघर्ष
धौलपुर-करौली टाइगर अभ्यारण्य में पहली बार वन्यजीवों में संघर्ष नही हुआ है। करीब एक बर्ष पूर्व भी इसी जंगल में टाइगर और पैंथर में संघर्ष की खबरें सामने आई थी। वन्यजीवों के संघर्ष में पहले भी पैंथर को जान गवानी पड़ी थी।
-कभी डकैतों का था खौफ, अब वन्यजीवों से दहशत
चंबल घाटी, जो कभी डकैतों के लिए पहचानी जाती थी, अब वन्यजीवों की मौजूदगी से नई पहचान बना रही है। जंगल में टाइगर, सांभर, चीतल, पैंथर और लकड़बग्घों के विचरण से लोगों में दहशत फैली हुई है। इन जंगलों में पहले मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा पर डाकूओं की आवाजाही होती थी, अब मध्यप्रदेश और राजस्थान के जंगलों से वन्यजीव यहां पहुंच रहे हैं और अभ्यारण्य में इनका कुनबा बढ़ा रहे हैं।