
Dholpur, राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव में शुक्रवार देर शाम रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के चलते गांव में पुलिस नजर रखे हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पीएम करा शव परिजनों को सौंप दिया। एसआई सुरेश सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अंबरपुर के वार्ड नंबर 4 निवासी रविंद्र (28) पुत्र रामसुजान के रूप में हुई है।
पिता रामसुजान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे गांव का हरिशंकर पुरानी रंजिश के चलते उसके बेटे रविंद्र को बुलाकर ले गया था। आरोप है कि वहां हरिशंकर ने रविंद्र के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। इस दौरान मोहन, प्रकाश और भूलो भी उसके साथ थे। आरोपियों ने रविंद्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच आरम्भ की। साथ ही एफ एसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल पर साक्ष्यों के सकलन किया।
थानाधिकारी वीर सिंह ने बताया कि पिता की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। वही नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दविश दे रही है।
सीओ ने देखा घटना स्थल, दबिश दी
मामले की गंभीरता देख मनियां उपाधीक्षक खलील अहमद भी राजाखेड़ा में कैम्प डाल दिया। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में दबिश दी लेकिन सुराग नहीं लगा। सीओ खलील ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया है। प्रारम्भिक जांच में युवक की हत्या की एक वजह कथित अवैध संबंध भी होना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस एफएसएल जांच मेें मिले साक्ष्य और भागे आरोपितों की गिरफ्तारी से पहले कुछ भी कहने से बच रही है। अधिकारी ने कहा कि प्रकरण में अनुसंधान जारी है, उससे पहले कुछ भी कहना मुश्किल है।