6 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

धौलपुर में अवैध पटाखों की जांच के दौरान धमाका, CO और SHO झुलसे; दो दुकानों में लगी थी आग

धौलपुर के पुरानी छाबनी में अवैध पटाखों की जांच के दौरान मकान में छोटे पटाखे फट गए। हादसे में सीओ प्रदीप कुमार और एसएचओ अमित कुमार झुलस गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

धौलपुर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 6 Nov 2026, 10:11 PM IST

dholpur blast during illegal firecracker inspection

झुलसे सीओ (बीच में) उपचार के बाद निजी अस्पताल ले जाते हुए (पत्रिका फोटो)

Dholpur Blast During Illegal Firecracker Inspection: धौलपुर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण की जांच के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शहर के पुरानी छाबनी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक मकान में अचानक छोटे पटाखे फट गए। इस घटना में सीओ (शहर) प्रदीप कुमार और सदर थाना प्रभारी अमित कुमार झुलस गए। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों अधिकारियों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना शाम करीब 7 से 7.30 बजे के बीच की बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान भी अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। हादसे के बाद पुरानी छाबनी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना पर जांच करने पहुंची थी पुलिस

जानकारी के मुताबिक, धौलपुर में पुरानी छाबनी क्षेत्र में एक मकान में अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर सीओ (शहर) प्रदीप कुमार और सदर थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम मकान में पहुंचकर आतिशबाजी के संबंध में जांच कर रही थी। इसी दौरान वहां रखे छोटे पटाखे, जिन्हें स्थानीय भाषा में धरती फोड़ा कहा जाता है, अचानक फट गए।

पटाखे फटने से वहां मौजूद सीओ और एसएचओ इसकी चपेट में आ गए और झुलस गए। अचानक हुए धमाके से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में भी हलचल मच गई। जाब्ते के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अधिकारियों को संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया।

पचगांव में दो दुकानों में आग के बाद पुरानी छाबनी पहुंचे थे अधिकारी

बताया जा रहा है कि सीओ प्रदीप कुमार और एसएचओ अमित कुमार इससे पहले दोपहर में पचगांव क्षेत्र में हुई आग की घटना के बाद जांच में जुटे थे। पचगांव में पटाखों के अवैध भंडारण के चलते दो दुकानों में आग लग गई थी। इसी घटना के बाद पुलिस अधिकारी शुक्रवार शाम पुरानी छाबनी क्षेत्र में अवैध आतिशबाजी के भंडारण की सूचना पर जांच करने पहुंचे थे। यहां जांच के दौरान ही पटाखे फटने से हादसा हो गया।

पुरानी छाबनी में लंबे समय से पटाखे बनाने का काम

पुरानी छाबनी क्षेत्र में कुछ परिवार लंबे समय से पटाखे बनाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र में आतिशबाजी के भंडारण और उससे जुड़े पहलुओं को लेकर पुलिस जांच कर रही थी। इसी दौरान मकान में रखे छोटे पटाखों में अचानक विस्फोट हो गया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों के बारे में जानकारी ली।