
बदलते मौसम के साथ दिनचर्या में बदलाव लाकर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से बचा जा सकता है। ये बदलाव खानपान और जीवनशैली में हो सकते हैं। डाइटीशियन साक्षी पाठक बता रही हैं आपको इन बदलावों के बारे में-
Early Morning(6-7)
रोजाना आधा घंटा मॉर्निंग वॉक के लिए जरूर जाएं। सैर पर जाने से पहले एक गिलास नींबू पानी लें।
Breakfast (8-9)
स्कूल, कॉलेज या ऑफिस जाने से पहले पौष्टिक नाश्ता करें। 4-5 भीगे बादाम, दलिया, ओट्स या पोहे के साथ एक गिलास दूध ले सकते हैं।
Mid morning (11-11.30)
नाश्ते के दो से ढाई घंटे बाद मौसमी फल लें। मौसमी फल व सब्जियों में विटामिन और मिनरल्स होते हैं, जो बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से लड़ते हैं।
Lunch (1-2)
दोपहर के खाने में चपाती, दाल, दही, सब्जी के साथ सलाद जरूर लें। तली या भुनी चीजें ना खाएं।
Evening Tea (4-5)
शाम को चाय, कॉफी के साथ भुने चने, स्नैक्स, सैंडविच, भेलपुरी या हाई फाइबर बिस्किट ले सकते हैं।
Dinner (8-9)
रात को ओवर इटिंग से बचें। इससे गैस या एसिडिटी हो सकती है। डिनर सोने से डेढ़ से दो घंटे पहले कर लें।
धूप से आने के तुरंत बाद
बहुत ज्यादा ठंडे पेय पदार्थ ना लें। इसकी जगह सामान्य तापमान वाला पानी पीएं।
कड़ी धूप में बहुत ज्यादा भागदौड़ का काम ना करें। जाना भी पड़े तो कैप, मास्क, चश्मे, छाते आदि का प्रयोग करें।
गर्मी के मौसम में उल्टी, दस्त डायरिया और हैजा जैसी बीमारियां आम बात है। इनसे बचने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखें। बाजार में खुले में मिलने वाली चाट या गोल-गप्पे ना खाएं। जहां तक हो घर का बना खाना खाएं।
आजमाएं घरेलू नुस्खे
कैरी: लू से बचने या लू लगने पर कैरी का पना बहुत ही कारगार उपाय है। कैरी को उबाल लें, अब इसका छिलका उतारकर इसमें काला नमक, जीरा, पुदीना और चीनी मिलाकर पीस लें। अब इस पानी को दिन में 3-4 बार पीएं।
प्याज: रोजाना दो बार प्याज खाएं।
तुलसी: तुलसी के पत्तों का रस चीनी में मिलाकर पीना चाहिए। इससे लू नहीं लगती और यदि लू लगी हो, तो प्रभाव कम हो जाता है।
इमली: गर्मी में इमली का पानी पीना लाभदायक है। इमली को भिगोकर इसमें थोड़ गुड़ मिलाकर इसका पानी पीएं। इसके अलावा इमली के गूदे को हाथ पैरों के तलवों पर मलने से लू का प्रभाव कम होता है।
नींबू: एक गिलास नींबू पानी में नमक व चीनी मिलाकर रोजाना लें। इससे लू का खतरा कम होता है।
इन बातों का रखें ध्यान
डिहाइड्रेशन से बचने के लिए दिनभर में 8 से 10 गिलास पानी जरूर पीएं। इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी या जूस पीएं। अधिक मिर्च मसाले और तैलीय भोजन से परहेज करें।