
रवि सिन्हा की रिपोर्ट...
(दुमका): झारखंड की राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने शिक्षकों और छात्रों के बीच प्रगाढ़ रिश्ते को मजबूत करने के साथ छात्रों को नैतिक और संस्कारी बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए विश्वविद्यालय के अधिकारियों और शिक्षकों को राज्य के बच्चों को बेहतर इन्सान बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया है।
डिग्री के साथ नैतिक सिद्धांतों का ज्ञान भी दे शिक्षण संस्थान
राज्यपाल सह कुलाधिपति ने शनिवार को स्थानीय इंडोर स्टेडियम में सिदो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के तत्वावधान में संताल हूल दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सिदो,कान्हु,चांद,भैरव,फूलो-झानो जैसे वीर सपूतों ने देश के लिए अपना बलिदान दिया था। जिन आदर्शों को स्थापित करने के लिए इन शहीदों ने देश की खातिर अपने को न्यौछावर किया था उनके संदेशों और आदर्शों का धरातल पर उताकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों का दायित्व है कि इन संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को न सिर्फ डिग्री दे बल्कि आधुनिक युग में उन्हें ज्ञान आधारिक शिक्षा मुहैया कराए। उन्होंने कहा कि अमर शहीद सिदो-कान्हु के नाम पर स्थापित इस विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह यहां पढ़ने वाले छात्रों को निपुण और दक्ष बनाने की दिशा में कार्य करे जिससे यहां के छात्र देश भक्त और राष्ट्रप्रेमी बनें।
मजबूत हो गुरू शिष्य का रिश्ता
उन्होंने विश्वविद्यालय में गुरू और शिष्य के रिश्ते को प्रगाढ़ करने,नियमित कक्षा का संचालन करने,परीक्षाफल का समय पर प्रकाशन,छात्रावास की बेहतर सुविधा मुहैया कराने और अनुशासन और नैतिक और संस्कारवान बनाने की दिशा में कार्य करने की आह्वान किया।
बच्चों को बताएं जमीनी हकीकत
राज्यपाल ने कहा कि आदिवासी समाज के बच्चों को जमीनी हकीकत बतानी होगी। उन्हें सही तथ्यों से अवगत कराना होगा ताकि समाज के बच्चे अपने अधिकार और कर्तव्य को जान सकें जिससे नकारात्मकता रखने वाले उन्हें बहका न सके और समाज के बच्चे स्वाभिमान और आत्मसम्मान की जिन्दगी जी सकें। इस मौके पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कई पुस्तकों का भी विमोचन किया।
यह लोग रहे कार्यक्रम में मौजूद
समारोह में राज्य के कृषि मंत्री रणधीर सिंह के साथ कुलपति डाक्टर मनोरंजन कुमार सिन्हा और पद्य अशोक भगत और प्रति कुलपति डा.हनुमान प्रसाद शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किये और विश्वविद्यालय की ओर से किये जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। बाद में विश्वविद्यालय की ओर से छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इससे पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में आकदमीक भवन का भी उद्घाटन किया। समारोह में उपायुक्त मुकेश कुमार,पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल के साथ काफी संख्या में शिक्षक और छात्र भी शामिल हुए ।