माचिस की जलती तूली घास पर फैंकी
सदर थाना क्षेत्र के वागदरी गांव के आमली फला में मंगलवार देर शाम एक व्यक्ति ने रंजिश को लेकर अपने ही रिश्तेदार के घर के डागले में पड़ी घास में माचिस की जलती तूली डाल दी। इससे घास व मकान जल गया। पीडि़त व्यक्ति ने इसे लेकर सदर थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार वागदरी फला आमली निवासी लसु डामोर का पुत्र मणिलाल गत दिनों नीलापानी मेले में गया था। वहां लसु के कुटुंबी भाई कातिलाल डामोर की भाणेज मणिलाल के साथ उसके घर पर आई थी। इस बात को लेकर कांतिलाल रंजिश रखे हुए था। कांतिलाल मंगलवार देर शाम लसु के घर पहुंचा तथा लसु से उसके पुत्र मणिलाल से काम होना बताते हुए घर से बाहर निकालने को कहा। मणिलाल घर पर नहीं था। इस पर कांतिलाल घर में घुस गया तथा बीड़ी सुलगाने के बाद जलती माचिस की तूली व माचिस मकान के अंदर डागले पर पड़ी घास में फैंक दी। इससे घास में आग लग गई तथा आग की लपटों से मकान भी जल गया। लसु के चिल्लाने पर उसकी पत्नी तथा पड़ोसी मौके पर पहुंचे तथा पानी डालकर आग पर काबू पाया। इस बीच कांतिलाल मौके से भाग खड़ा हुआ। सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।