
राजस्थान के डूंगरपुर जिले से एक दिलचस्प और हैरान कर देने वाला आपराधिक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है। डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाडीट स्थित श्रीनाथ बैंग्लोज़ में एक महीने पहले हुई लाखो रुपयों की चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक पूर्व नौकर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने पूर्व मालिक के घर से 3 लाख रुपए की नकदी चुराई और अपनी मौज-मस्ती तथा शौक पूरे करने के लिए उन पैसों से तुरंत एक कार खरीद डाली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी के रुपयों से खरीदी गई कार और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।
मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह राजावत ने बताया कि श्रीनाथ बैंग्लोज़, बालाडीट निवासी दीपक पुत्र वेला घोगरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि 10 सितंबर की शाम को वह किसी काम से अस्पताल गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे बाजार गए थे। घर पूरी तरह सूना था।
इसी सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने कमरे में रखे 3 लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घर लौटने पर जब परिजनों को चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की। तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रिच्छा हाल लक्ष्मी नगर हॉस्पिटल निवासी कुंश पुत्र शंकरलाल ननोमा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुंश पहले पीड़ित दीपक के घर पर बतौर नौकर काम करता था। काम करने के दौरान उसे घर के अलमारियों की चाबियों और रुपए रखने की जगह के बारे में पूरी जानकारी थी। जब परिवार के सभी सदस्य बाहर गए, तो उसने पुरानी जान-पहचान और जानकारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी ने चोरी की गई पूरी रकम अपने मौज-शौक और लग्जरी लाइफस्टाइल पर खर्च करने की योजना बनाई थी। उसने 3 लाख रुपए चुराने के तुरंत बाद उन पैसों से अपने लिए एक कार खरीद ली और इलाके में घूमने लगा।
पुलिस ने आरोपी कुंश को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के रुपयों से खरीदी गई कार और वारदात के समय इस्तेमाल की गई स्कूटी को जब्त कर लिया है। डूंगरपुर पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह की अन्य वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।