10 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान में सरपंच चुनाव लड़ने की चाह, मध्य प्रदेश से चुराया 1 करोड़ का सोना- धरा गया

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधा राजस्थान अपने गांव भाग आया और पुलिस से बचने के लिए चोरी किए गए बेशकीमती सोने के बिस्किट और आभूषणों को अपने घर में जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर दबा दिया।
3 min read
Google source verification
jodhpur man steals gold from indore friend for sarpanch election

इंदौर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी गोपाल उर्फ गोपी जाखड़

राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनावों के नजदीक आते ही ग्रामीण इलाकों में चुनावी सरगर्मी और सरपंच बनने की होड़ चरम पर पहुंच गई है। इसी बीच सरपंच चुनाव का खर्च निकालने और अपने महंगे शौक पूरे करने की सनक में अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जोधपुर जिले के गारासनी गांव निवासी एक युवक ने इंदौर में अपनी ही महिला दोस्त के घर से 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना और नकदी पार कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधा राजस्थान अपने गांव भाग आया और पुलिस से बचने के लिए चोरी किए गए बेशकीमती सोने के बिस्किट और आभूषणों को अपने घर में जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर दबा दिया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित महिला ने अपने घर की अलमारी से कीमती सामान गायब पाया और आरोपी दोस्त का फोन लगातार बंद आने पर पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई। इंदौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। जब पुलिस टीम ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सरपंच चुनाव लड़ने और चुनाव में पानी की तरह पैसा बहाने की अपनी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जोधपुर स्थित उसके ठिकाने से 1 करोड़ से अधिक मूल्य के सोने के बिस्किट और गहने बरामद कर लिए हैं।

महिला मित्र के घर रहता था आरोपी

पुलिस जांच और पीड़िता रेनू शर्मा (44 वर्ष), निवासी बीसीएम पार्क निपानिया मेन रोड (इंदौर) की शिकायत के अनुसार, आरोपी गोपाल उर्फ गोपी जाखड़ (25 वर्ष), निवासी गारासनी (जोधपुर) उनके घर में साथ में ही रहता था। 10 अगस्त से 13 सितंबर के बीच के समय में आरोपी ने देखा कि घर की अलमारी में सोने के बिस्किट और आभूषण रखे हुए हैं। उसी दौरान उसके दिमाग में गांव जाकर आगामी पंचायती राज चुनाव में सरपंच पद के लिए दावेदारी ठोकने का ख्याल आया।

अलमारी में रखे सोने पर बिगड़ी नीयत

चुनाव प्रचार और वोटरों को लुभाने में होने वाले बड़े खर्च को देखते हुए आरोपी की नीयत बिगड़ गई। उसने चुपके से अलमारी से 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोने का बिस्किट और अन्य आभूषण पार कर लिए। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी इंदौर से फरार होकर सीधे अपने गांव जोधपुर आ गया और अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया ताकि कोई उस तक न पहुंच सके।

गड्ढा खोदकर छिपाया 1 करोड़ का सोना

फोन बंद आने और घर से भारी मात्रा में सोना गायब होने के बाद पीड़िता को गोपाल पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने इंदौर के संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी अमन सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की तफ्तीश शुरू की और जोधपुर से आरोपी गोपाल उर्फ गोपी जाखड़ को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। शुरुआत में बरगलाने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी के माल को ठिकाने लगाने के लिए राजस्थान स्थित अपने पैतृक घर को चुना। उसने घर के भीतर ही जमीन में एक गहरा गड्ढा खोदा और सोने के बिस्किट व गहनों को उसमें दबा दिया था। पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य का 630 ग्राम वजनी सोने का बिस्किट, 40 ग्राम वजनी सोने की चेन, 2 लाख रुपये नकद और एक महंगा मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया है।

सरपंच बनने की चाहत और महंगे शौक

पूछताछ में 25 वर्षीय आरोपी गोपी जाखड़ ने स्वीकार किया कि उसके गांव गारासनी में आगामी माह में सरपंच पद के चुनाव होने वाले हैं। वह गांव में अपनी राजनीतिक साख जमाना चाहता था और सरपंच का चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर चुका था। चुनाव लड़ने के लिए भारी-भरकम बजट की जरूरत थी और साथ ही उसे अपने महंगे शौक पूरे करने थे। इसी लालच में आकर उसने इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला।

राजस्थान में पंचायती राज चुनावों के दौर में सामने आए इस अनोखे और सनसनीखेज अपराध ने हर किसी को हैरान कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने पूरा सामान बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके राजनीतिक व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

बड़ी खबरें

View All

जोधपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026