
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो: पत्रिका
डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में गुरुवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब बाइक सवार युवक शोक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक युवक गंभीर घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक हादसा डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 927ए पर पालवड़ा के पास गुरुवार देर शाम हुआ। कार की टक्कर से बाइक सवार रणजीत पुत्र अर्जुन वरहात और दिलीप पुत्र रामा वरहात निवासी शेरावाड़ा-बिछीवाड़ा की मौत हुई है। वहीं, गजेंद्र पुत्र सुरेंद्र वरहात घायला हो गया। नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को परिजन गुजरात ले गए। जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शव डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए।
जानकारी के अनुसार रणजीत, दिलीप और गजेंद्र माथुगामड़ा के पास एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जहां से तीनों बाइक पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-927ए पर पालवड़ा के पास कार से बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में जान गंवाने वाला रणजीत गुजरात में एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था। परिजनों के अनुसार वह शुक्रवार को ही वापस काम पर लौटने वाला था। वहीं दिलीप पढ़ाई के साथ परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
सीमलवाड़ा-डूंगरपुर मार्ग पर धम्बोला अस्पताल के पास कार और बाइक की भिड़ंत में मृत नवदंपती के शवों का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया। बुधवार देर शाम कार चालक के परिजनों और मृतक के परिजनों के बीच आपसी समझाइश हुई। मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद गुरुवार को पोस्टमार्टम कराकर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। जानकारी के अनुसार बेडसा निवासी पंकज पुत्र प्रभु कटारा अपनी पत्नी पायल के साथ बाइक से धम्बोला से सीमलवाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। पत्नी को सीमलवाड़ा अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल पंकज को प्राथमिक उपचार के बाद मोडासा रेफर किया गया, जहां रात करीब 1.45 बजे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद बुधवार को मृतका के पीहर पक्ष सागवाड़ा-मडकोला तथा आदर्श गांव बेडसा के ग्रामीण धम्बोला थाने के सामने एकत्रित हुए थे। ग्रामीण कार चालक को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझाइश के बाद आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया गया। परिजनों के अनुसार पंकज की शादी को महज तीन माह दस दिन हुए थे। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया।
Updated on:
02 Oct 2026 12:06 pm
Published on:
02 Oct 2026 12:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
