
पुलिस-प्रशासन के बीच देर रात हुई बातचीत के बाद सहमति बनी। फोटो: पत्रिका
जोधपुर। उदयमंदिर आसन क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान मकान की छत से गिरकर हुई सद्दाम की मौत के मामले में करीब 24 घंटे से चला आ रहा गतिरोध गुरुवार देर रात समाप्त हो गया। मृतक के परिजनों और पुलिस-प्रशासन के बीच देर रात हुई बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके पश्चात परिजनों ने धरना समाप्त कर शव उठाने पर सहमति दे दी। मामले में नागौरी गेट थाने के तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
वहीं, मृतक सद्दाम के भाई अनीश की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर कांस्टेबल रायचंद सहित अन्य के खिलाफ हत्या, साजिश और लज्जा भंग सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शव उठाने को लेकर सहमति बनने के बाद देर रात मेडिकल बोर्ड का गठन कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन शव को लेकर रवाना हुए।
घटना के बाद मृतक के परिजन और समाज के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे। परिजनों की मांग थी कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की। करीब 24 घंटे चले गतिरोध के बाद देर रात दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। समझौते के तहत पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रकरण दर्ज किए जाने के साथ ही पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया।
बता दें कि सद्दाम (29) पुत्र खलील अहमद मारपीट के एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से उसके घर पर होने की सूचना मिली। नागौरी गेट थाने के दो कांस्टेबल और चेतक ने सद्दाम के घर दबिश दी। पुलिस को देखकर वह घर की छत पर चढ़ गया। तीसरी मंजिल से गिरकर बिजली के तारों में उलझकर नीचे गिया गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। जोधपुर के अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Updated on:
02 Oct 2026 11:31 am
Published on:
02 Oct 2026 11:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
