जयपुर

डूंगरपुर : पंचायत समिति भवन की भूमि को लेकर विरोध मुखर

मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौपा ज्ञापन
less than 1 minute read
• •
Updated: 8 Jun 2017, 2:00 AM IST
Dungarpur : Villagers gave memorandum for land
Dungarpur : Villagers gave memorandum for land

साबला पंचायत समिति के भवन निर्माण को लेकर आवंटित भूमि को लेकर विरोध के स्वर मुखर हो रहे हैं। बुधवार को मंगलेश्वर महादेव परिसर में भाजपा बेणेश्वर व आशापुरा मण्डल की अगुवाई में हुई बैठक में ग्रामीणों और व्यापार मंडल ने भी शिरकत कर पंचायत समिति भवन तहसील कार्यालय के समीप ही बनाने की वकालत की। बैठक के बाद तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें जनभावना की अनदेखी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पंचायत समिति भवन के लिए बेणेश्वर मार्गपर भूमि आवंटित की गई है, जबकि वह स्थल तहसील से एक किमी दूर है। दूसरे छोर से आने वाले ग्रामीणों को पंचायत समिति पहुंचने के लिए सर्दी, गर्मी, बारिश में पैदल आना-जाना करना पड़ेगा। वक्ताओं ने कहा कि कतिपय प्रभावशाली लोग निजी स्वार्थ के कारण बेणेश्वर मार्ग पर भवन बनवाने पर आमादा है, लेकिन यह लोकहित में नहीं है।

कई पदाधिकारियों ने जनहित की अनदेखी होने पर पार्टी से इस्तीफा देने तक की बात कही। व्यापार मण्डल ने भी मांग का पूर्ण समर्थन किया। तहसीलदार डायालाल डामोर को सौंपे ज्ञापन में पंचायत समिति भवन बामेला ताबला के पास तहसील मुख्यालय के समीप बनाने की पैरवी की, ताकि लोगों को एक ही क्षेत्र में सभी तरह की सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में साबला प्रधान दलपतराम मीणा, मण्डल अध्यक्ष इन्द्रवीरसिंह चौहान, मण्डल प्रभारी लक्ष्मीनारायण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सरतानसिंह, खुमानसिंह, तुलसीराम मोड पटेल, उपप्रधान देवीसिंह राठौड़, युवा मोर्चा अध्यक्ष माधवसिंह, जवाहरलाल मेहता, व्यापार मण्डल के अध्यक्ष जंयतीलाल पारीख, राजेन्द्र जोशी, पंचायत समिति सदस्य बद्रीलाल मीणा, राजू गंगवाल आदि मौजद रहे।

जनहित को प्राथमिकता

लोकहित व आमजन की भावनाओं को देखते हुए पंचायत समिति भवन आमजन की राय से ही कराने के प्रयास किए जाएंगे।
वेलजी पाटीदार, भाजपा जिलाध्यक्ष

Published on: