डूंगरपुर जिले के कुआं थाना को मामला,घायल को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन,एएसपी ने थानाधिकारी को दिए जांच व कार्रवाई के आदेश
महिला को डायन का उलाहना देने तथा उसके पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई के बजाए पुलिस पीडि़त पक्ष से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी लाने का कह रही है।
पीडि़त पक्ष के लोग घायल को लेकर सोमवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय आ पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामजीलाल चंदेल को घटना और कुआं थाना पुलिस की बेरूखी से अवगत कराया। इस पर चंदेल ने थानाधिकारी मुकेश मेघवाल से फोन पर चर्चा की। साथ ही मामले की जांच एएसआई से लेकर खुद करने तथा आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
यह था मामला
एएसपी को सौंपे परिवाद में गुंदलारा छोटा निवासी गौतमी पत्नी चेतन गुदा ने बताया कि गांव के रमेश के बीमार रहने पर उसके परिजनों सहित अन्य ने उस पर डायन होने के आरोप लगाए। इस बीच रमेश की बीमारी से मृत्यु हो गई। तब भी परिजनों ने ग्रामीणों को एकत्र कर उसे व उसके परिवार को बेदखल कराने की कोशिश की।
31 अक्टूबर की शाम को गांव के चतुरा व हरीश ने उसके पति चेतन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। उदयपुर के निजी व सरकारी अस्पताल में उसका इलाज चला। पुत्र ईश्वर ने एएसपी को दिए परिवाद में बताया कि हमले की घटना को लेकर कुआं थाने में प्रकरण दर्ज कराया, बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।
उल्टे वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी लाने के लिए कह रही है। परिवाद में बताया कि हमले में घायल चेतन को लकवा हो गया है तथा वह चलने-फिरने और बोलने में असमर्थ है।
अस्पताल से सीधे एसपी ऑफिस
उदयपुर के राजकीय चिकित्सालय से डिस्चार्ज करने पर परिजन सोमवार को चेतन को गाड़ी से डूंगरपुर लाए। घर ले जाने के बजाए सभी उसे बिस्तर सहित उठाकर सीढिय़ां चल एसपी ऑफिस आ गए। वहां अपराध शाखा के ठीक बाहर उसे लिटा दिया। घायल को इस तरह लाने पर मौजूद पुलिसकर्मी व स्टाफ सकते में आ गया।
थानाधिकारी को निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी चंदेल ने कुआं थानाधिकारी मुकेश मेघवाल से फोन पर अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली तथा अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर फटकार लगाई। साथ ही जांच एएसआई से लेकर खुद करने तथा आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।