डूंगरपुर

आदिवासी की पार्टी बोलने वाले अब सर्व समाज को टिकट दे रहे: घोघरा

बीएपी नेता अभी से सरपंचों को जांच और रिकवरी के नाम से डराना शुरू कर दिया
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 1:23 PM IST
Rajasthan News

डूंगरपुर। पंचायतीराज चुनाव में डूंगरपुर प्रधान के पद पर निर्विरोध मुकेश अहारी की जीत के बाद कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्ष गणेश घोगरा ने बीजेपी और बीएपी पर तीखा हमला किया। विधायक गणेश घोगरा ने कह कि बीएपी ने आदिवासी समाज और जनता को गुमराह करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बीएपी के नेता भील प्रदेश बनाने और आदिवासियों के हितों की लड़ाई लडऩे की बात करते थे, लेकिन अब अपने मूल मुद्दों से भटककर सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति कर रहे हैं। जिला परिषद चुनाव में भाजपा और बीएपी की विचारधारा एक जैसी नजर आई। उन्होंने बीएपी को भाजपा की बी टीम बताते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने वाली राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलेंगी।

घोघरा ने आरोप लगाया कि बीएपी के लोग अब सरपंचों को फोन कर जांच और रिकवरी के नाम पर डरा-धमका रहे हैं। उनसे पैसे देने का दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा नहीं करने पर जांच कराने तथा नए काम नहीं देने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरपंचों के साथ खड़ी रहेगी और इस तरह की कथित दबाव की राजनीति का विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि डूंगरपुर में राजनीतिक माहौल खराब करने के पीछे दिग्विजय सिंह चुंडावत और बीएपी नेताओं की भूमिका रही है। सागवाड़ा में दिग्विजयसिंह चुंडावत ने आदिवासी पर तलवार लहराने और आदिवासियों को जेब में रखने जैसी बात कही थी। उसी दिग्विजयसिंह को अब बीएपी में प्रदेश संयोजक बना रखा है।

कमल-कांग्रेस एक कहने वाले अब खुद कमला-बाई बन गए

विधायक ने कहा कि पहले बीएपी के नेता कमल और कांग्रेस को एक बताते थे, लेकिन अब खुद भाजपा के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। बांसवाड़ा और अन्य जगह बीजेपी के साथ जुडकर अब वो कमला-बाई बन चुके है। बीएपी के नेता कहते थे कि वे आदिवासी समाज के लिए लड़ रहे हैं और जनसंख्या के आधार पर आरक्षण दिलाएगे। अब उनके रुख में बदलाव दिखाई दे रहा है। पार्टी में सभी वर्गों के लोगों को शामिल करने के बाद भी आदिवासी हितों की राजनीति का दावा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएपी जाति, धर्म और क्षेत्रवाद के नाम पर वोट हासिल करने का प्रयास कर रही है।

नगर परिषद में लोकतंत्र और संविधान की याद क्यों नहीं आई

घोघरा ने सांसद राजकुमार पर तंज कसते हुए कहा कि नगर परिषद चुनाव में बीएपी ने 40 वार्डों में से केवल 14 वार्डों में प्रत्याशी उतारे थे। ऐसे में अब संविधान और लोकतंत्र की बात करने वाले यह बताएं कि नगर परिषद में उनके तीन पार्षदों ने वोट क्यों नहीं दिया। उन्होंने कहा कि बीएपी लोकतंत्र और संविधान की बात तो करती है, लेकिन अपने राजनीतिक हितों के अनुसार इन मुद्दों को उठाती है। उन्होंने बीएपी के नाम पर भाजपा की बी टीम की तरह काम करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस के कन्हैयालाल के खिलाफ बनेगी जांच कमेटी

विधायक घोघरा ने कहा कि जिला परिषद चुनाव में उपजिला प्रमुख पद को लेकर कन्हैयालाल के खिलाफ जांच कमेटी गठित कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की गाइडलाइन के अनुसार ही सभी को चलना होगा। जो लोग पार्टी के निर्देशों के खिलाफ जाकर निर्विरोध चुनाव लड़ रहे हैं, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सांसद राजकुमार और उनकी पार्टी बीएपी का जनता वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में रगड़ा निकाल देगी।

Updated on:
28 Nov 2026, 1:23 PM IST
Published on: