दुर्ग

अप्रैल में कोरोना ने मचाया ऐसा तांडव, सिर्फ दुर्ग जिले में 632 मरीजों की मौत, 46 हजार से ज्यादा संक्रमण की चपेट में

Coronavirus death in durg :दुर्ग जिले में कोरोना वायरस ने पूरे माह जमकर तांडव मचाया। इस दौरान मौत के मामले में सारे रिकार्ड टूटे। वहीं संक्रमितों की संख्या भी कई गुना बढ़ गई।
2 min read
• •
May 01, 2021
Feature image

भिलाई. दुर्ग जिले में कोरोना वायरस (coronavirus in Chhattisgarh) ने पूरे माह जमकर तांडव मचाया। इस दौरान मौत के मामले में सारे रिकार्ड टूटे। वहीं संक्रमितों की संख्या भी कई गुना बढ़ गई। अंतिम संस्कार करने के लिए शासन से किए गए इंतजाम भी नाकाफी साबित हुए। कोरोना संक्रमितों की अधिक मौत होने लगी तो रास्ते और खाली मैदान में चिता को सजाया जाने लगा। अस्पतालों में बेड कम पडऩेे लगे कॉलेज और समाज के भवनों में तब नए कोविड केयर सेंटर शुरू किए गए। जिसमें ऑक्सीजन बेड लगाना पड़ा। अब पहले से बड़ी राहत है, सरकारी अस्पतालों में बेड खाली हो रहे हैं। जिला में शुक्रवार को 5502 लोगों की जांच की गई, जिसमें 1312 संक्रमित मिले। वहीं बीस संक्रमितों ने दम तोड़ा।

एक माह में सबसे अधिक मौत
इस साल अप्रैल का महीना लोगों को बड़ा दर्द दे गया। अकेले दुर्ग जिले में अप्रैल महीने में 632 से अधिक कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। यह आंकड़ा सरकारी है। अगर हकीकत में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत मुक्तिधाम में किए गए अंतिम संस्कार को जोड़ा जाए तो वह 1900 के करीब है। श्मशानों की माने तो सिर्फ अप्रैल महीने में 1900 से ज्यादा लोगों को अंतिम संस्कार किया गया है। अब तक कोरोना से जिले में 1352 मौत हो चुकी है। इसके पहले जिला में कोरोना संक्रमितों की सबसे अधिक मौत अक्टूबर 2020 में 324 लोगों की हुई थी।

एक माह में मिले सबसे अधिक मरीज
पिछले एक साल के दौरान सबसे अधिक सितंबर 2020 में 8224 मरीज मिले थे। वहीं अप्रैल 2021 में यह रिकार्ड भी टूट गया, इस माह 46,581 मरीज मिले हैं। इनमें से ज्यादातर मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वहीं बाकी मरीजों को अस्पतालों और होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है। दुर्ग जिले में एक दिन में सबसे अधिक संक्रमित मिलने का रिकार्ड भी अप्रैल में टूट गया। 10 अप्रैल 2021 को 2,272 नए मरीज मिले थे। यह जिले में अब तक का सबसे अधिक केस है।

फैक्ट फाइल :-
माह -- संक्रमितों की संख्या -- मौत
मई 2020 -- 12 -- 2
जून 2020 -- 157 -- 3
जुलाई 2020 -- 540 -- 3
अगस्त 2020 -- 2489 -- 19
सितंबर 2020 -- 8224 -- 81
अक्टूबर 2020 -- 4553 -- 324
नवंबर 2020 -- 3253 -- 83
दिसंबर 2020 -- 3483 -- 56
जनवरी 2021 -- 3700 -- 51
फरवरी 2021 -- 1342 -- 23
मार्च 2021 -- 11168 -- 98
अप्रैल 2021 -- 46581 -- 632

Published on:
01 May 2021 11:08 am