दुर्ग

सरकार की जय हो, दो जनदर्शन के बाद भी नगर सरकार नहीं लगा पाई अपने ही पार्षद के वार्ड में बिजली

दो सुराज अभियान में आवेदन के बाद भी नगर सरकार अपने ही दल के पार्षद के वार्ड में बिजली नहीं पहुंचा पाई।
2 min read
• •
Updated: 22 Jan 2018, 4:17 PM IST
patrika

दुर्ग . जनता की समस्याओं व शिकायतों के त्वरित निराकरण के दावे के साथ सरकार पिछले कई सालों से लोक सुराज अभियान चलाकर प्रत्येक गांव व शहर में आवेदन ले रही है, लेकिन उन आवेदनों का निराकरण किस तरह हो रहा है, इसका ताजा प्रमाण नगर निगम में सामने आया है।

लगातार विस्तार हो रहा

दो सुराज अभियान में आवेदन के बाद भी नगर सरकार अपने ही दल के पार्षद के वार्ड में बिजली नहीं पहुंचा पाई। परेशान पार्षद ने सोमवार को फिर निगम जनदर्शन में पहुंचकर फरियाद लगाई। निगम जनदर्शन पहुंची वार्ड 2 राजीव नगर की भाजपा पार्षद ममता देवांगन ने बताया कि आबादी बढऩे के साथ वार्ड का लगातार विस्तार हो रहा है।

बिजली लगाने का काम शुरू नहीं हुआ

ऐसे कई हिस्सों में अब भी बिजली नहीं पहुंच पाई है। जिससे अंधेरे की स्थिति रहती है। इन इलाकों में नए बिजली के पोल लगाकर बिजली की व्यवस्था की मांग कर रहीं हैं। इसके लिए उन्होंने पिछले जून व हाल ही में हुए लोक सुराज में भी आवेदन लगाया है, लेकिन अब तक बिजली लगाने का काम शुरू नहीं हुआ है। इसलिए उन्हें अब जनदर्शन में आवेदन लगाना पड़ रहा है।

सुराज के बाद भी 30 ने दिया आवेदन
सुराज अभियान को समाप्त होकर महज 8 ही दिन हुआ है। इस बीच यह दूसरा जनदर्शन था। लोक सुराज में 6700 से ज्यादा आवेदन के बाद भी जनदर्शन में 30 लोगों ने आवेदन सौंपा। इससे पहले भी पिछले जनदर्शन में 24 लोगों ने आवेदन किया था।

एमआईसी मेम्बर सहित 4 अन्य पार्षदों ने लगाए आवेदन
भाजपा की पार्षद के अलावा एमआईसी सदस्य देवनारायण चंद्राकर, कांग्रेस पार्षद शकुन ढीमर, प्रेमलता साहू, अनूप चंदानिया ने भी आवेदन लगाया। चंद्राकर ने अतिक्रमण हटाने व अन्य पार्षदों ने बिजली, पेयजल सप्लाई व गंदगी को लेकर शिकायत दर्ज कराई।

Published on: