दुर्ग

Big Breaking : तीन गनमैन की सुरक्षा में रहने वाले 25 लाख इनामी नक्सल लीडर पहाड़ सिंह ने किया सरेंडर

तीन गनमैन की सुरक्षा में रहकर राजनांदगांव और महाराष्ट्र सीमा में लाल आतंक का पर्याय बन चुके ईनामी नक्सली लीडर ने गुरुवार को दुर्ग संभाग के आईजी के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 23 Aug 2018, 1:14 PM IST
patrika
Big Breaking : तीन गनमैन की सुरक्षा में रहने वाले 25 लाख इनामी नक्सल लीडर पहाड़ सिंह ने किया सरेंडर

दुर्ग. तीन गनमैन की सुरक्षा में रहकर राजनांदगांव और महाराष्ट्र सीमा में लाल आतंक का पर्याय बन चुके ईनामी नक्सली लीडर ने गुरुवार को दुर्ग संभाग के आईजी के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सरेंडर करने वाले माओवादी लीडर पहाड़ सिंह के ऊपर 25 लाख का ईनाम था। नक्सल आतंक फैलाते हुए उसने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। जिसमें कई सुरक्षा बल के जवान और पुलिस जवान शहीद हो चुके हैं। इस संबंध में शाम 4.30 बजे आईजी जीपी सिंह पत्रकार वार्ता लेकर पूरी जानकारी देंगे।

25 लाख का सरकार ने घोषित किया था ईनाम
सीनियर माओवादी लीडर पहाड़ सिंह पर सरकार ने 25 लाख का ईनाम घोषित किया था। लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। हर बार सर्च ऑपरेशन के दौरान वह पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों को चकमा देकर निकल जाता था। दुर्ग आईजी जीपी सिंह ने बताया कि यह महाराष्ट्र, मप्र और छग की स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य है। हथियार के बिना समर्पण इसलिए किया कि इसके 3 गनमैन सुरक्षा में 24 घण्टे सतर्क रहते थे ।

नक्सलियों की टूटेगी कमर
आईजी ने कहा कि नक्सल लीडर का समर्पण पुलिस की बड़ी सफलता और नक्सल संगठन की विफलता है। इससे न केवल नक्सलियों की कमर टूटेगी बल्कि चुनाव के दौरान उनके आभियानों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा। दुर्ग पुलिस इसके सरेंडर को लेकर काफी समय से प्रयास में जुटी हुई थी ।

बुधवार से थी पुलिस विभाग में चर्चा
छत्तीसगढ़ और इससे लगे महाराष्ट्र की सीमा में लगातार आतंक फैलाने वाले कुख्यात माओवादी पहाड़ सिंह के सरेंडर करने की खबरें बुधवार शाम से ही सामने आ रही थी। ऐसा पता चला था कि पहाड़ सिंह ने राजनांदगांव में पुलिस अफसरों के सामने सरेंडर कर दिया।

पुलिस ने की पुष्टि
हालांकि पुलिस के अफसर बुधवार को इस संबंध में कुछ भी कहने से बच रहे थे। सूत्रों के हवाले से खबर मिली थी कि एक दो दिन में पुलिस इस संबंध में कोई बड़ा खुलासा कर सकती है। जिसके बाद पुलिस ने गुरुवार को माओवादी नेता के सरेंडर की पुष्टि कर दी।

Published on: