दुर्ग

विडंबना देखिए, जिस वर्ग का कोई मतदाता नहीं, उसे किया सरपंच के लिए आरक्षित

निर्वाचन प्रक्रिया के आरक्षण नियमों में उलझे सगनी और खर्रा पंचायत को आने वाले उपचुनाव में भी अपना सरपंच नहीं मिल पाएगा।
3 min read
• •
Updated: 10 Dec 2017, 10:32 AM IST
patrika

दुर्ग . निर्वाचन प्रक्रिया के आरक्षण नियमों में उलझे सगनी और खर्रा पंचायत को आने वाले उपचुनाव में भी अपना सरपंच नहीं मिल पाएगा। धमधा ब्लॉक की इन दोनों पंचायतों में सरपंच का पद जिस वर्ग के लिए आरक्षित है उस वर्ग का कोई मतदाता पंचायत क्षेत्र में नहीं है।

यही वजह है कि सरपंच पद के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। विडम्बना देखिए कि निर्वाचन विभाग भी जानता है कि पांच साल तक आरक्षण व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं कर सकते, तब भी यहां उपचुनाव की खानापूर्ति कराई जाती है।

जिला निर्वाचन विभाग की मानें तो इन पंचायतों को आरक्षण से मुक्त करने का प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेजा जा चुका है, लेकिन पंच वर्षीय निर्वाचन प्रक्रिया के लिए आरक्षण हो चुका है, इसलिए बीच में किसी तरह का बदलाव संभव नही है। यानी आगामी मुख्य चुनाव में ही नए सिरे से आरक्षण हो सकेगा। तब तक उपचुनाव की प्रक्रिया विधिवत पूरी करानी पड़ेगी।

आयोग से जवाब का इंतजार
खर्रा में आरक्षित वर्ग का कोई भी व्यक्ति नहीं होने के कारण पिछले 5 उपचुनाव से कोई भी नामांकन नहीं आ रहा है। इस कारण पद रिक्त रह जाएगा। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने निर्वाचन आयोग के पत्र लिखकर किसी दूसरे वर्ग के आरक्षण के संबंध में दिशा निर्देश मांगा गया है, लेकिन इसका अब तक कोई जवाब नहीं आया है।

धमधा के ग्राम पंचायत खर्रा का सरपंच पद मुख्य चुनाव से खाली है। दरअसल इस ग्राम पंचायत में आरक्षित वर्ग का कोई भी व्यक्ति नहीं रहता। इसलिए नामांकन नहीं हो रहा। इस बार भी यहां नामांकन नहीं होगा। यह पद चुनाव के छह माह बाद से खाली है।

सगनी में अविश्वास के बाद ये हालात
ग्राम पंचायत सगनी का सरपंच पद अविश्वास प्रस्ताव के चलते रिक्त हुआ है। यह पद अजा महिला के लिए आरक्षित है। पूर्व में निर्वाचत सरपंच सावित्री बाई के खिलाफ पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। इसके बाद से पंचायत में विवाद की स्थिति है।

इसके चलते किसी ने नामांकन नहीं भरा। पद पिछले साल अक्टूबर से खाली है। जिले में 2 सरपंच व 12 पंचों के रिक्त है। इन पदों पर चुनाव के लिए 6 दिसंबर तक नामांकन लिए गए। पंचों के 12 पदों में से 8 पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। धमधा के ग्राम पंचायत सगनी व खर्रा में किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया।

नवागांव सा के वार्ड 6 के पंच पद के लिए भी किसी ने आवेदन नहीं किया। पाहंदा अ के वार्ड 15 के लिए दाखिल एक मात्र नामांकन निरस्त हो गया। ग्राम पंचायत रवेलीडीह में भी कुछ ऐसे ही हालात हैं। यहां का सरपंच पद अजा महिला के लिए आरक्षित है। इस वर्ग का केवल यहां एक परिवार है। पिछले चुनाव में सरपंच पद के लिए मां उम्मीदवार बनी तो उसके मुकाबले बेटी ने पर्चा दाखिल कर दिया। बेटी अनुसुईया लहरी चुनाव जीत गई, लेकिन उसे मुरूम खनन के लिए पंच को एनओसी देने के मामले में धारा 40 के तहत बर्खास्त किया गया है।

सावनी में त्रिकोणीय मुकाबला
पंच नवागांव सा (धमधा) वार्ड क्रमांक - 6, पाहंदा अ (पाटन) वार्ड क्रमांक - १5, यहां निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति, दुर्ग ब्लॉक -विनायकपुर वार्ड 15 अनारक्षित महिला, जंजगिरी वार्ड 13 अनारक्षित मुक्त, कोटनी वार्ड 8 अजजा महिला। धमधा ब्लॉक - नवागांव सा वार्ड 6 अजजा महिला, नारधा वार्ड क्रमांक 1 अनारक्षित मुक्त। पाटन ब्लॉक -मर्रा वार्ड 2 अपिव मुक्त, पाहंदा अ वार्ड 15 अनारक्षित महिला, सिकोला वार्ड 4 अजजा महिला।

सावनी में त्रिकोणीय मुकाबला
पंचों के चार पदों पर मतदान की स्थिति है। इसमें सावनी वार्ड 16 अपिव मुक्त के लिए त्रिकोणीय मुकाबला है। जबकि विनायकपुर वार्ड 10 अनारक्षित मुक्त, धनोरा वार्ड 19 अपिव मुक्त व सेमरिया गि वार्ड 11 अनारक्षित मुक्त में दो-दो प्रत्याशी होने के कारण आमने-सामने का मुकाबला है। एडीएम संजय अग्रवाल ने बताया कि चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर प्रणाली से किया जाता है।

इसकी एक निश्चित प्रक्रिया है। किसी जिले या क्षेत्र विशेष कीसभी पंचायतों का आरक्षण एक साथ किया जाता है। किसी ग्राम पंचायत विशेष के लिए आरक्षण का प्रावधान नहीं है। इसलिए इसमें दिक्कत है। आगे जब सभी पंचायतों का फिर से आरक्षण किया जाएगा, तब इसमें बदलाव संभव है।

Published on: