
दुर्ग . जिले में सिकलसेल मरीजों को सरकारी अस्पताल से मुफ्त में ब्लड लेने डॉक्टर का चक्कर लगाना नहीं पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग अब सिकलसेल के मरीजों के लिए एसएस कार्ड बनाएगा। कार्ड को दिखाते ही मरीजों को सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क ब्लड उपलब्ध कराया जाएगा। कार्ड जांच के बाद ब्लॉक स्तर पर बनेगा।
इलेक्ट्रोफोरेसिस मशीन खरीदने स्वास्थ्य विभाग ने ब्लॉक मुख्यालय में स्थित सामुदायिक अस्पताल को ५०-५० हजार रुपए जारी किया है। शासन की योजना के तहत सिकलसेल (एसएस) मरीजों को नि:शुल्क ब्लड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने मरीजों को चिन्हित कर कार्ड बनाने का निर्देश दिया है। एसएस कार्ड दिखाते ही समय पर नि:शुल्क ब्लड उपलब्ध कराया जाएगा।
खास बात यह है कि नई व्यवस्था लागू होने से पुराने मरीजों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें पहले डॉक्टर से जांच कराने के बाद जिला अस्पताल में इलेक्ट्रोफोरिसस जांच के बाद ही बल्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। समय लगने वाले प्रक्रिया को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अब ब्लाक मुख्यालय के सामुदायिक अस्पतालों में इलेक्ट्रोफोरेसिस मशीन से जांच के बाद सभी सिकलसेल मरीजों का कार्ड बनाने का निर्णय लिया है।
यह सुविधा जनवरी के अंत तक शुरु हो जाएगी। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पाटन, धमधा व दुर्ग ग्रामीण बीएमओ को जांच मशीन खरीदने के लिए 1.50 लाख रुपए की राशि जारी की है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच में सिकलसेल के मरीजों को दो तरह से चिन्हित किया जाता है। एएस और दूसरा एसएस मरीज। एसएस मरीज को ही रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है। मरीज एसएस है कि नहीं इसकी जांच इलेक्ट्रोफोरेसिस मशीन से की जाती है। वर्तमान में यह सुविधा केवल जिला अस्पताल में है।
जांच की सुविधा होगी ब्लॉक स्तर पर
नोडल अधिकारी, सिकलसेल जिला अस्पताल डॉ. पीके चंद्राकर ने बताया कि सिकलसेल को नजर अंदाज किया गया तो जानलेवा हो सकता है। अगर लक्ष्ण नजर आए तो तत्काल जांच कराना चाहिए। इस बीमारी में शरीर में रक्त की कमी हो जाती है। रक्त चढ़ाना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग अब जांच और कार्ड बनाने की सुविधा ब्लाक स्तर पर कर रही है। जांच मशीन खरीदी करने के लिए राशि जारी कर दी गई है। पुराने मरीज भी जांच के बाद कार्ड बनवा सकते हैं।
स्कूलों में चलाया जा रहा अभियान
चिरायु योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग जिले के सभी स्कूलों में भी सिकलसेल जांच कर रही है। जांच में स्कूली बच्चा अगर पॉजेटिव आता है तो उसे तत्काल इलेक्ट्रोफोरेसिस जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा जाता है। एस एस मरीज होने पर तत्काल कार्ड बनाकर दिया जा रहा है। जिससे आगे इलाज में कोई परेशानी न हो।