Chhattisgarh News: दुर्ग के सुपेला क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने स्क्रैप व्यापारी के घर से लाखों के जेवर और नगदी चोरी कर ली। परिवार शादी में गया था, तभी वारदात को अंजाम दिया गया।
CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर पश्चिम में रहने वाले एक स्क्रैप व्यापारी के घर चोरों ने धावा बोल दिया। परिवार के शादी समारोह में बाहर जाने का फायदा उठाकर आरोपियों ने सूने मकान को निशाना बनाया और लाखों के जेवरात समेत नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल अपने परिवार के साथ सोमवार को एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोरों ने उनके घर के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला।
चोर सीधे अलमारी तक पहुंचे और वहां रखे हीरे, सोने-चांदी के जेवरात के साथ करीब 1 लाख 40 हजार रुपये नगद चोरी कर फरार हो गए। घर में कीमती सामान को निशाना बनाए जाने से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि आरोपियों को घर की पूरी जानकारी थी।
व्यापारी जब रात करीब 2 बजे अपने परिवार के साथ घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खाली थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा इलाके के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश तेज कर दी गई है। शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि चोरी की वारदात को रेकी के बाद अंजाम दिया गया है।
दुर्ग पुलिस प्रवक्ता सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नकबजनी और चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में डर और आक्रोश का माहौल है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।