दुर्ग

कमरे में ताला जड़कर गायब हो गए प्राचार्य, बच्चों ने कुलपति को बताया इस कॉलेज में कभी नहीं लगती है क्लासेंस

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अरुणा पल्टा ने शुक्रवार को तीन सरकारी कॉलेजों का औचक निरीक्षण किया। नंदिनी महाविद्यालय में भारी अव्यवस्था देखकर कुलपति ने नाराजगी व्यक्त की।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2021, 1:01 PM IST
कमरे में ताला जड़कर गायब हो गए प्राचार्य, बच्चों ने कुलपति को बताया इस कॉलेज में कभी नहीं लगती है क्लासेंस
कमरे में ताला जड़कर गायब हो गए प्राचार्य, बच्चों ने कुलपति को बताया इस कॉलेज में कभी नहीं लगती है क्लासेंस

भिलाई. हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की कुलपति (Vice Chancellor of Durg University) डॉ. अरुणा पल्टा ने शुक्रवार को तीन सरकारी कॉलेजों का औचक निरीक्षण किया। इनमें शासकीय नागरिक कल्याण महाविद्यालय नंदिनी अहिवारा, जामुल और इंदिरा गांधी पीजी महाविद्यालय वैशाली नगर शामिल थे। नंदिनी महाविद्यालय में भारी अव्यवस्था को देखकर कुलपति ने नाराजगी व्यक्त की। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नायक के कक्ष में ताला देखकर जब कुलपति ने उनके विषय में महाविद्यालयीन स्टॉफ से पूछा तो उन्हें बताया गया कि प्राचार्य किसी कार्य से दुर्ग गए हैं और प्राचार्य कक्ष की चाबी उपलब्ध नहीं है।

नौ स्टाफ बिना जानकारी गैरहाजिर
नंदिनी महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन परिसर में विचरण करते छात्र-छात्राओं से जब कुलपति ने स्वयं चर्चा की तो सभी विद्यार्थियों ने एक स्वर में नियमित कक्षाएं संचालित न होने की शिकायत की। महाविद्यालय के स्टॉफ में 9 अधिकारी-कर्मचारी बिना आवेदन पत्र के अनुपस्थित मिले। ये सब देखकर कुलपति ने प्राचार्य को विश्वविद्यालय में तलब किया। कुलपति ने कहा अब प्राचार्य से सीधे विश्वविद्यालय में ही बात की जाएगी।

वैशाली नगर कॉलेज में गंदगी देख नाराज हुई कुलपति
वैशाली नगर कॉलेज में आकस्मिक निरीक्षण के लिए कुलपति डॉ. पल्टा और कुलसचिव, डॉ. सीएल देवांगन शुक्रवार को करीब 1.30 बजे पहुंचे। कुलपति ने वहां प्रभारी प्राचार्य डॉ. कैलाश शर्मा की उपस्थिति में प्राध्यापकों से चर्चा की। उन्होंने प्राध्यापकों को समय पर कॉलेज में आने और कक्षाओं के संचालन के निर्देश दिए। सफाई संबंधी अव्यवस्था और यहां वहां बिखरे फर्नीचर पर कुलपति ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा का कॉलेज परिसर स्वच्छ होना चाहिए। साफ-सुथरे वातावरण में ही पढ़ाई अच्छी होती है।

CSVTU का बीटेक ऑनर्स प्रोग्राम नौकरी हासिल करने में होगा मददगार, प्लेसमेंट भी दिलाएगा विवि
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एमके वर्मा ने बताया कि सीएसवीटीयू देश कि पहली यूनिवर्सिटी है, जिसमें पीजी कोर्स और पीएचडी के साथ-साथ स्नातक में बीटेक का कोर्स भी संचालित हो रहा है। प्रदेश में पहली बार बीटेक ऑनर्स और डिप्लोमा स्तर के सेल्फ फाइनैंस कोर्स शुरू किए गए हैं, जिनमें विद्यार्थियों का बेहतर रिस्पांस मिल रहा है। बीटेक में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और डाटा एनालिसिस की 90-90 और डिप्लोमा में फायर सेफ्टी व इंडस्ट्रीयल सेफ्टी और माइनिंग इंजीनियरिंग की 60-60 सीटें तय की गई हैं, जिसमें प्रवेश दिए जा रहे हैं। बीटेक की 50 फीसदी सीटों पर डीटीई की काउंसिलिंग से छत्तीसगढ़ डोमेसाइल के विद्यार्थियों को और जोसा के जरिए देशभर के विद्यार्थियों जेईई मेंस कोटे से प्रवेश दिया जा रहा है। इसमें शासन के आरक्षण रोस्टर का पालन किया जा रहा है। उन्हें राज्य शासन की ओर से निर्धारित सारी छूट भी दी जाएंगी। कुलपति ने बताया कि सामान्य बीटेक कोर्स की तुलना में विवि में संचालित बीटेक ऑनर्स कोर्स में 12 क्रेडिट नंबर और मिलेंगे। क्रेडिट अंक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के एचआर डिपार्टमेंट से जुड़ा रहेगा। इसी आधार पर उनके प्लेसमेंट की व्यवस्था भी की जाएगी। बीटेक कोर्स की कक्षाएं नवनिर्मित ब्लॉक-1 में नवंबर से त्योहार के बाद शुरू करा दी जाएंगी। इसके लिए आधुनिक लैब का सेटअप तैयार किया गया है। विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए विशेषज्ञों की टीम होगी। प्लेसमेंट के लिए अलग से सेल बनाया जाएगा।

Updated on:
23 Oct 2021, 1:01 PM IST
Published on: