अर्थव्‍यवस्‍था

टल गया चीन-अमरीका व्यापार युद्ध, दोनों देशों ने संघर्षविराम पर जताई सहमति

अमरीका ने जहां चीन के उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने की योजना पर विराम लगाने पर अपनी सहमति जताई है तो वहीं चीन ने अमरीकी आयात बढ़ाने की बात की है।
less than 1 minute read
Dec 02, 2018
Donald Trump
टल गया चीन-अमरीका व्यापार युद्ध, दोनों देशों ने संघर्षविराम पर जताई सहमति

नई दिल्ली। पिछले कई माह से टैरिफ युद्ध में जुटी विश्व की दो आर्थिक महाशक्तियों अमरीका और चीन के राष्ट्रपतियों के बीच शनिवार को हुई बातचीत ने वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंकाओं को फिलहाल कुछ दिनों के लिए दरकिनार कर दिया है। अमरीका ने जहां चीन के उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने की योजना पर विराम लगाने पर अपनी सहमति जताई है तो वहीं चीन ने अमरीकी आयात बढ़ाने की बात की है।

जी-20 की बैठक में ट्रंप-शी में व्यापार मुद्दों पर बातचीत

अर्जेंटीना में हुए जी20 की बैठक के दौरान अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने व्यापार के मुद्दों पर बातचीत की। अमरीका ने अपना रुख नरम करते हुए कहा कि वह अब एक जनवरी से चीन के 200 अरब डॉलर के उत्पादों पर टैरिफ को 10 फीसदी से बढ़ाकर 25 फीसदी नहीं करेगा और चीन ने कहा कि वह अमरीका के औद्योगिक, कृषि और ऊर्जा उत्पादों की अपनी खरीद बढ़ाएगा। हालांकि, चीन ने यह खुलासा नहीं किया है कि वह अमरीकी उत्पादों की खरीद में कितने फीसदी की बढ़ोतरी करेगा।

दोनों देशों ने 90 दिन की डेडलाइन तय की

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि चीन अपने घरेलू बाजार की जरूरतों के मुताबिक आयात बढ़ाएगा। दोनों देशों ने इसके लिए 90 दिन की डेडलाइन तय की है। अमरीका ने साथ ही यह चेतावनी भी दी है कि अगर 90 दिन में चीन बातचीत के दौरान हुए समझौतों को लागू नहीं करेगा तो वह चीन के उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाकर 25 फीसदी कर देगा।

Published on:
02 Dec 2018 07:00 pm