
नई दिल्ली। आधार के दुरुपयोग को लेकर कई लोग चिंतित रहते हैं। ऐसे में डेटा लीक होना सभी की सुरक्षा पर एक प्रश्न चिह्न लगा देता है। एक फ्रेंच रिसर्चर ने अपनी स्टडी में बड़ा खुलासाकिया है। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि भारत की जानी-मानी घरेलू गैस वितरण कंपनी इंडेन में जमा लाखों लोगों के आधार नंबर की डिटेल्स लीक हो गई हैं। ये निश्चित रूप से कंपनी की बड़ी लापरवाही है। ये निजता उल्लंघन का बेहद अहम मामला है।
इस शख्स ने ट्विटर पर किया ये खुलासा
आपको बता दें कि इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन के मालिकाना हक वाली कंपनी पर डीलर्स और डिस्ट्रिब्यूटर्स की ओर से दिए गए आधार नंबरों को लीक करने का आरोप है। इलियट एल्डरसन ने ट्विटर पर लिखा कि, 'लोकल डीलर्स के पोर्टल्स पर ऑथेंटिकेशन की कमी के चलते इंडेन ग्राहकों के आधार नंबर पर दर्ज नाम, पते और अन्य जानकारियों को लीक कर रहा है।'
67 लाख डीलर्स का लीक हुआ आधार डेटा
ऑनलाइन हैंडल पर इलियट एल्डरसन नाम से मौजूद बाप्टिस्ट रॉबर्ट ने पहले भी आधार लीक के मामलों को उजागर किया है। उन्होंने सोमवार रात को एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए कहा कि 67 लाख डीलर्स और डिस्ट्रिब्यूटर्स का आधार डेटा लीक हुआ है। इसके साथ ही कस्टम बिल्ट स्क्रिप्ट के जरिए एल्डरसन ने 11,000 डीलर्स के पास मौजूद 67 लाख कस्टमर्स के आधार डेटा को हासिल कर लिया। हालांकि इंडेन ने बाद में उसके आईपी एड्रेस को ब्लॉक कर दिया है।
Read the Latest Business News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले Business News in Hindi की ताज़ा खबरें हिंदी में पत्रिका पर।