
Education News सरकार मान्यता रद्द करने की चेतावनी दे रही है जबकि निजी स्कूलों की मनमानी घटने की बजाय बढ़ती दिख रही है। राजधानी में अजमेर रोड स्थित एक स्कूल ने तो हद ही कर दी। जो बच्चे बारहवीं कक्षा की परीक्षा देकर घर जाने की तैयारी में हैं, उनसे 'पांचवें सेमेस्टर' के नाम पर एक-एक लाख रुपए फीस वसूल रहा है। कुछ अभिभावकों ने बताया कि उक्त स्कूल में बारहवीं कक्षा के बच्चों की फेयरवेल पार्टी इस माह की पहली तारीख को हो चुकी है। बोर्ड परीक्षा भी खत्म हो गई। इसके बावजूद स्कूल अप्रेल से जुलाई माह को 'पांचवां सेमेस्टर' बताकर एक लाख रुपए फीस ले रहा है। स्कूल डे-बोर्डिंग होने के कारण फीस में बच्चों के खाने-पीने का खर्च भी शामिल है। बच्चे अब न तो स्कूल में कक्षाएं लेंगे, न ही वहां खाना खाएंगे। फिर भी स्कूल हर अभिभावक से फीस ले रहा है। कुछ अभिभावकों ने स्कूल जाकर पूछताछ की तो केवल 8 हजार रुपए कम किए, बाकी फीस वसूली गई। स्कूल में बारहवीं कक्षा के करीब 150 बच्चे हैं। यानी स्कूल करीब 1.5 करोड़ की मनमानी कमाई कर रहा है।
मनमानी कक्षाएं
अभिभावकों का आरोप है कि कई निजी स्कूलों ने पढ़ाई से लेकर बच्चों के आवास तक अपने-अपने नियम बना रखे हैं। मानक से हटकर हर स्कूल अपने हिसाब से तरह-तरह की फीस निर्धारित कर रहा है। पढ़ाई (ट्यूशन) फीस से ज्यादा तो अतिरिक्त गतिविधियों के पैसे ऐंठे जा रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं।
इधर फीस वृद्धि के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर Education News Rajasthan
निजी स्कूलों में मनमानी फीस वृद्धि के विरोध में कांग्रेस की ओर से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। शहर कांग्रेस के सभी 16 ब्लॉकों में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर तत्काल फीस कम कराए जाने की मांग की।
कांग्रेस के फीस घटाओ-बचपन बचाओ आंदोलन के तहत शहर अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कलक्ट्रेट सर्किल पर अभिभावक भी पहुंचे। इस मौके पर खाचरियावास ने कहा कि सरकार बड़े निजी स्कूलों के साथ मिलकर बड़े भ्रष्टाचार को अंजाम दे रही है, जिसका खामियाजा प्रदेश के करोड़ों बच्चों और अभिभावकों को भुगतना पड़ रहा है। निजी स्कूल मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं। जबकि महंगाई से प्रदेश की जनता पहले ही परेशान है। पेट्रोल-डीजल सहित खाने-पीने की हर चीज महंगी हो रही है।
फिर भी सरकार के आशीर्वाद से स्कूलों में फीस बढ़ाई जा रही है। जबकि अभिभावक स्कूलों के बाहर आए दिन प्रदर्शन कर विरोध दर्ज करा रहे हैं। शहर कांग्रेस के निर्देश पर कलक्ट्रेट सर्किल, एनबीसी तिराहा, सांगानेर एयरपोर्ट चौराहा, रामगंज चौपड़, जगतपुरा मैन मार्केट, मोती डूंगरी सर्किल, मालवीय नगर सत्कार शॉपिंग सेंटर, वीकेआई रोड नंबर 14, घाटगेट चौराहा, झोटवाड़ा पंचायत समिति, जोरावरसिंह गेट और शास्त्री नगर सहित कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए।
'मनमानी फीस बढ़ाई तो रद्द करेंगे मान्यता' Fees Act
राज्य में आतंक के स्तर तक पहुंची निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम के लिए सरकार ने फिर सख्त रुख दिखाया है।
शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि राज्य में जो निजी स्कूल मनमानी फीस बढ़ा रहे हैं, अभिभावक सम्बन्धित जिला शिक्षा अधिकारी को उसकी शिकायत दें। उनकी मान्यता ही रद्द कर दी जाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में देवनानी ने कहा, शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों में पारदर्शिता के लिए गाइडलाइन बनाई हुई है। इसके तहत कुल 34 हजार में से 26 हजार निजी स्कूलों ने पोर्टल पर पंजीकरण किया है। शेष स्कूलों के खिलाफ जांच पूरी कर शिक्षा विभाग कार्रवाई करेगा। स्कूल अपनी मर्जी से फीस नहीं बढ़ा सकते, इसके लिए फीस एक्ट में कई प्रावधान हैं। दस सदस्यीय फीस निर्धारक समिति की मंजूरी जरूरी है। हाल ही एक निजी स्कूल के खिलाफ शिकायत मिली है, जिसकी जांच कराई जा रही है। गलती पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।