NEET PG Mock Test 2021: जिन उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होना है, वे मॉक टेस्ट के जरिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा पैटर्न को जान सकते हैं।
NEET PG Mock Test 2021: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) ने नीट पीजी (NEET PG 2021) के लिए मॉक टेस्ट का लिंक सक्रिय कर दिया है। एनबीई की अधिकारिक वेबसाइट nbe.edu.in पर मॉक टेस्ट का लिंक जारी किया गया है। जिन उम्मीदवारों को इस परीक्षा में शामिल होना है, वे मॉक टेस्ट के माध्यम से कंप्यूटर आधारित परीक्षा पैटर्न की जानकारी ले सकते हैं।
NEET PG Mock Test 2021: परीक्षा के स्थगित होने का ऐलान
गौरतलब है कि आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध इन्फॉर्मेशन बुलेटिन के अनुसार, मॉक टेस्ट (डेमो टेस्ट) का लिंक 8 अप्रैल, 2021 को जारी होना था। मगर तय समय पर इसे उपलब्ध नहीं कराया जा सका। नीट परीक्षा 2021 के स्थगित होने का ऐलान होने के बाद, बोर्ड ने मॉक टेस्ट का लिंक सक्रिय किया है।
NEET PG Mock Test 2021: ऐसे लेंगे मॉक टेस्ट में हिस्सा
मॉक टेस्ट में भाग लेने के लिए उम्मीदवार नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन की आधिकारिक वेबसाइट nbe.edu.in पर जा सकते हैं। इसके बाद, होमपेज पर नीट पीजी 2021 के लिंक पर भी जाने का विकल्प मौजूद है। नया पेज सामने आने के बाद यहां उपलब्ध मॉक टेस्ट के लिंक पर क्लिक करें।
इस लिंक पर क्लिक करने के बाद आपको एक नया पेज मिलेगा। यहां साइन इन पर क्लिक करें। अब मॉक टेस्ट से जड़ी जानकारियां सामने होंगी। चेक करके इस पर क्लिक करें। अब आप मॉक टेस्ट दे सकते हैं। यहां उम्मीदवार को ध्यान रखने की जरूरत है कि उन्हें साइन इन करने के लिए अपने लॉगइन क्रेडेंशियल का उपयोग नहीं करना है।
NEET PG परीक्षा स्थगित
गौरतलब है कि नीट पीजी परीक्षा का आयोजन 18 अप्रैल, 2021 को होना था। परीक्षा में शामिल होने को लेकर उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड 13 अप्रैल तक जारी होने थे। लेकिन, देशभर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर परीक्षा को स्थगित कर दिया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने 15 अप्रैल को परीक्षा स्थगित होने की घोषणा की थी। स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट कर बताया कि स्थिति की समीक्षा करने के बाद, परीक्षा की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
Web Title: NEET PG Mock Test 2021: Mock test link active for NEET PG