इस बार कुल 349 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बीएसएफ के 108, सीआरपीएफ के 106, सीआईएसएफ के 70, आईटीबीपी के 12 और एसएसबी के 53 पद शामिल हैं।
CAPF Vacancy 2026: संघ लोक सेवा आयोग ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) में असिस्टेंट कमांडेंट के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जिन युवाओं का सपना बीएसएफ, सीआरपीएफ या अन्य अर्धसैनिक बलों में अधिकारी बनने का है, उनके लिए यह बड़ा मौका है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 12 मार्च 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं।
इस बार कुल 349 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बीएसएफ के 108, सीआरपीएफ के 106, सीआईएसएफ के 70, आईटीबीपी के 12 और एसएसबी के 53 पद शामिल हैं। यानी लगभग हर प्रमुख बल में असिस्टेंट कमांडेंट की नियुक्तियां होंगी।
नियमों में हुए हैं बदलाव
इस भर्ती में कुछ नियम बदले गए हैं, जिन पर खास ध्यान देने की जरूरत है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ की जगह यूआरएन (Unique Registration Number) लागू किया गया है। यह नंबर जीवनभर के लिए मान्य रहेगा।
एक और महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि फाइनल सबमिट करने के बाद फॉर्म में किसी भी तरह का सुधार नहीं किया जा सकेगा। इसलिए आवेदन भरते समय पूरी सावधानी जरूरी है।
अब पहले से खींची गई फोटो अपलोड करने की सुविधा खत्म कर दी गई है। आवेदन करते समय लाइव फोटो कैप्चर करना अनिवार्य होगा। साथ ही उम्मीदवारों को सफेद कागज पर काले पेन से तीन बार हस्ताक्षर करके उसकी स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।
परीक्षा केंद्रों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। पहले जहां 47 शहरों में परीक्षा होती थी, अब 57 शहरों में होगी। दिल्ली एनसीआर के नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद के साथ भुवनेश्वर और इंदौर जैसे नए केंद्र जोड़े गए हैं। परीक्षा केंद्र ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर मिलेंगे। यानी जो उम्मीदवार जल्दी आवेदन करेगा, उसे पसंदीदा शहर मिलने की संभावना ज्यादा रहेगी।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले लिखित परीक्षा होगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए बुलाया जाएगा। जो अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा पास करेंगे, उन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम मेरिट लिस्ट लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
इस भर्ती के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 20 से 25 वर्ष रखी गई है। उम्र की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। यानी उम्मीदवार का जन्म 2 अगस्त 2001 से पहले और 1 अगस्त 2006 के बाद नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग को पांच साल और ओबीसी वर्ग को तीन साल की राहत मिलेगी।