चुनाव

UP Assembly Election 2022 : भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी सपा में शामिल

Mayank Joshi joins SP उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के सातवें चरण का चुनाव प्रचार खत्म हो गया है। 7 मार्च को वोटिंग होगी। पर दूसरी तरफ खेला हो गया। भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी ने सपा का दामन थाम लिया है। आजमगढ़ में अखिलेश यादव ने मंच से ही मयंक जोशी के सपा में शामिल होने का ऐलान किया।

2 min read
Mar 05, 2022
UP Assembly Election 2022 : भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी सपा में शामिल

प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी ने सपा का दामन थाम लिया है। शनिवार को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की एक चुनावी रैली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद मयंक जोशी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। आजमगढ़ से ही लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने चुनावी रैली के मंच से ही मयंक जोशी के सपा में शामिल होने का ऐलान भी किया। दरअसल, विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से टिकट नहीं दिए जाने से नाराज चल रहे मयंक जोशी ने पार्टी छोड़ने का संकेत काफी पहले ही दे दिया था।

बस औपचारिक ऐलान का इंतजार था

22 फरवरी को अखिलेश यादव के साथ हुई उनकी मुलाकात और अखिलेश द्वारा ही मुलाकात की तस्वीर को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने के बाद से ही यह तय माना जा रहा था कि उन्होंने सपा में शामिल होने का फैसला कर लिया है। उसी दिन से औपचारिक ऐलान का इंतजार किया जा रहा था जो शनिवार को अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में कर दिया।

रीता बहुगुणा जोशी के प्रयास भी हुए फेल

प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी लगातार अपने बेटे मयंक जोशी के लिए पार्टी से लखनऊ कैंट से विधानसभा का टिकट मांग रही थी। इसके लिए जोशी ने दिल्ली से लेकर लखनऊ तक पार्टी के सभी कद्दावर नेताओं से भी संपर्क साधा था। यहां तक कि एक परिवार से एक ही व्यक्ति को टिकट मिलने के फॉर्मूले का जिक्र आने पर रीता बहुगुणा जोशी ने बेटे के टिकट के लिए सांसद पद छोड़ने का भी ऐलान कर दिया था।

पर भाजपा ने नहीं दिया टिकट

पार्टी अनुशासन के दायरे से बाहर निकलते हुए बेटे के टिकट के लिए रीता बहुगुणा जोशी ने मीडिया के सामने आकर सार्वजनिक रूप से भी अपनी बातें कहीं। लेकिन उनके तमाम प्रयासों के बावजूद भाजपा ने मयंक जोशी को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाया। इससे नाराज चल रहे मयंक जोशी ने शनिवार को आखिरकार भाजपा की विरोधी पार्टी सपा का दामन थाम लिया।

Updated on:
06 Mar 2022 06:46 am
Published on:
05 Mar 2022 06:04 pm
Also Read
View All