UP Assembly Elections 2022: उत्तर प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर घोषणाओं का दौर तेज है। सियासी दल ताबड़तोड़ बड़े-बड़े एलान कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे है। आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी के बिजली को लेकर किये गये वादों के बाद गुरुवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने निजी नलकूप के लिए विद्युत दरों में वर्तमान दरों के सापेक्ष 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है।
लखनऊ. UP Assembly Elections 2022: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले किसानों को 50 फीसदी बिजली में छूट का एलान किया है। माना जा रहा है सीएम योगी ने किसानों को बिजली में आधी छूट का की घोषणा कर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को मात देने की कोशिश की है। क्योंकि सपा अध्यक्ष ने किसानों को 300 यूनिट फ्री बिजली और सिंचाई के लिए मुफ्त पानी देने की घोषणा की थी। योगी सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 1.70 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं को भी फायदा मिलेगा। इसके साथ ही अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आम उपभोक्ताओं को भी सरचार्ज में 50 फीसदी तक छूट देने का इरादा भी बना रही है। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए ट्वीट कर दी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने किया ट्वीट
मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपने ट्वीट में कहा है कि ‘किसानों की सुविधा और समृद्धि के लिए संकल्पित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने निजी नलकूप हेतु विद्युत दरों में वर्तमान दरों के सापेक्ष 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है’।
अखिलेश यादव ने भी किया था एलान
आपको बता दें कि नए साले के पहले दिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि उनकी पार्टी अगर सत्ता में आती है तो लोगों को 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त मिलेगी और सिंचाई बिल माफ होगा।
आम आदमी पार्टी ने 300 यूनिट फ्री देने का किया था वादा
इससे पहले पिछले साल 16 सितंबर को आम आदमी पार्टी ने भी उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर दिल्ली की तरह घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने और 38 लाख परिवारों पर बकाया बिजली का बिल माफ करने का ऐलान किया था। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी, इसके अलावा सरकार छोटी-बड़ी सभी तरह की जोत वाले किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराएगी।