चुनाव

UP Election 2022: चुनावी मिशन पर कांग्रेस, सभी विधानसभाओं में निकाली सत्ता परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली

UP Election 2022: पिछले कई दशक से प्रदेश में सत्ता का वनवास झेल रही कांग्रेस इस बार कुछ अलग ही लुक में नजर आ रही है। मिशन यूपी 2022 को लेकर पार्टी के तेवर बदले हुए हैं। इस बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी किसी भी तरह की चूक नहीं होने देना चाहती। इसी कारण वे लखनऊ में कैंप किए हुए हैं। अब कल यानी 14 नवंबर से कांग्रेस सरकार को घेरने की नई रणनीति बना रही है।

2 min read
Nov 13, 2021
photo1636798825.jpeg

UP Election 2022: मिशन यूपी 2022 को लेकर जहां भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, कांग्रेस ने भी केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। बाल दिवस या पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस 14 नवंबर से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्लान बनाया गया है। जिसके तहत महंगाई के मसले पर सरकार को घेरने की तैयारी है। कांग्रेस का यह कार्यक्रम 24 नवंबर तक चलेगा। इसमें प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में महंगाई को लेकर सत्ता परिवर्तन की प्रतिज्ञा पदयात्रा निकाली जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर सभी जिलों में भी तैयारी शुरू हो चुकी है। इसको लेकर जिला व महानगर इकाई के पदाधिकारियों की बैठके जारी है। जिसमें जिला और महानगर स्तर पर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बैठक में पदयात्रा की रूपरेखा तय करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने बताया कि प्रत्येक जिलों की सभी विस क्षेत्रों में प्रतिज्ञा पदयात्रा निकली जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 60 ग्राम सभाओं से होकर पदयात्रा गुजरेगी। हर विस क्षेत्र में एक नुक्कड़ सभा होगी। प्रत्येक दिन न्यूनतम 10 किलोमीटर की पदयात्रा करनी होगी। इस दौरान महंगाई के मसले पर ग्रामीणों के साथ बैठक की जाएगी। उनके बीच प्रतिज्ञा पत्र का वितरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पदयात्रा का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर किया जाएगा। पदयात्रा के मार्ग पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके अलावा पदयात्रा के मार्ग में रहने वाले स्थानीय प्रभावशाली, सामाजिक व्यक्तियों से मुलाकात की जाएगी। इस पदयात्रा में कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी तक को शामिल होना अनिवार्य बताया गया है।

Published on:
13 Nov 2021 04:11 pm