चुनाव

अपने फायदे के लिए BJP ने मणिपुर को बांटा, सोनिया गांधी का PM मोदी पर जोरदार हमला

Mizoram assembly elections: 7 नवंबर को मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होने वाला है। ऐसे में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्य के लोगों के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है।

2 min read
Nov 01, 2023

इस समय देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहा है। मिजोरम के भी 40 सीटों पर सात नवंबर को वोटिंग होना है। फिलवक्त राज्य में मिजो नेशनल फ्रंट की सरकार है और जोरमथंगा मुख्यमंत्री है। वहीं, भाजपा इस राज्य में सहयोगी की भूमिका में है। मिजो नेशनल फ्रंट की सरकार को ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट के तरफ से टक्कर मिल रहा है। वहीं, कांग्रेस इस पहाड़ी राज्य में अपने लिए संभावनाएं तलाश रही है। इसी बीच कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह म‍िजोरम की जनता से पार्टी के हक में वोट करने की अपील कर रही हैं।

बीजेपी और आरएसएस की वजह से लोकतंत्र खतरे में है

म‍िजोरम के लिए जारी वीडियो संदेश में सोनिया गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस की वजह से सिर्फ म‍िजोरम और उत्तर भारत में ही नहीं बल्कि पूरे देश में लोकतंत्र खतरे में है। वो व‍िव‍िध‍िता ही नहीं, लोकतंत्र और संवाद को भी अहमियत नहीं देते हैं।

बता दें कि मिजोरम जैसे संवेदनशील राज्य में बीजेपी के कई बड़े नेता चुनावी मैदान में उतरे हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से लेकर सोन‍िया गांधी समेत सभी दिग्गज कांग्रेसी बीजेपी पर हमलावर हो गए हैं।

अपने फायदे के लिए BJP ने मणिपुर को बांटा

लोगों के लिए दारी संदेश में सोन‍िया गांधी ने मणिपुर हिंसा के मामले को लेकर प्रधानमंत्री पर पूरी तरह से चुप्पी साध लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपने फायदे के लिए मणिपुर में समाज को बांट दिया। छह महीने से लोग पीड़ा झेल रहे हैं। लेकिन शांति और सुलह को लेकर कोई प्रयास नहीं हुआ। हिंसा के 6 महीने बीतने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर का दौरा करना उचित नहीं समझा।

बीजेपी के कारण मिजोरम में वन कानून कमजोर हुए

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने इस बात को याद किया कि उन्होंने ऐतिहासिक मिजो करार के तत्काल बाद अपने परिवार के साथ मिजोरम का दौरा किया था। बीजेपी ने संसद में कानून पारित करवाया, जिससे मिजोरम में वन कानून कमजोर हुए।

पार्टी की ओर से जारी वीडियो में सोन‍िया गांधी ने आने वाली 7 तारीख को मिजोरम चुनाव में कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए एमएनएफ और जेडपीएम पर भी प्रहार क‍िया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह वक्त बीजेपी के प्रतिनिधियों जेडपीएम और एमएनएफ के साथ प्रयोग करने का नहीं है। मिजोरम के लोगों को क्षेत्र में शांति और संविधान के अनुच्छेद 371 जी की रक्षा करने के लिए मतदान करना चाहिए।

Published on:
01 Nov 2023 08:07 pm
Also Read
View All