
UP Assembly Elections 2022 : पवित्र गंगा और सई नदी के किनारे बसे 31 लाख से अधिक आबादी वाले उन्नाव जिले में कुल छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं। जिसमें से बांगरमऊ, सफीपुर, मोहान, उन्नाव, भगवंतनगर और पुरवा विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इस खबर में हम बात करेंगे उन्नाव सदर विधानसभा सीट के बारें में। सपा के दबदबे वाली इस सीट पर मौजूदा समय में भारतीय जनता पार्टी का दबदबा है। इस सीट की खास बात ये भी है कि यहां से आज तक कोई भी दल जीत की हैट्रिक नहीं लगा पाया है। इस सीट से भाजपा के पंकज गुप्ता दो बार से लगातार विधायक हैं। पंकज एक उपचुनाव और एक आम चुनाव जीते थे। लेकिन 2022 में हो रहे विधानसभा के चुनाव में काफी कुछ पहले से इतर है। करीब साढ़े तीन साल बाद विधानसभा के चुनाव में उन्नाव शहर की सीट पर माखी कांड की गूंज सुनाई देगी। यहां से माखी निवासी आशा सिंह को प्रत्याशी उन्नाव सदर सीट से घोषित किया है। जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभिनव सिंह अपनी पार्टी के पुराने दबदबे को पाने में जुटी है।
पंकज गुप्ता
उन्नाव सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी बनाए गए पंकज गुप्ता लगातार दो बार से विधायक हैं। इससे पहले 2012 के चुनाव में इस सीट से पंकज गुप्ता दूसरे नंबर पर रहे थे। पंकज नगर पालिका परिषद उन्नाव के चेयरमैन भी रह चुके हैं। पंकज गुप्ता ने 2014 लोकसभा चुनाव के साथ हुए विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी मनीषा दीपक को हराया था। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भी मोदी लहर में पंकज गुप्ता ने प्रतिद्वंदी दिवंगत सपा नेत्री मनीषा दीपक को 46072 मतों से हराया था।
आशा सिंह
सदर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने माखी गांव निवासी आशा सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। आशा सिंह की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। वह पहला चुनाव लड़ने जा रही हैं। कुछ दिन पहले आशा सिंह की बेटी ने लखनऊ में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। तभी से उनके चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं। बताया जा रहा है कि आशा सिंह का चुनाव खर्च पार्टी उठाएगी। शहर के एक मोहल्ले में किराये का मकान भी ले लिया है। इस मकान में आशा सिंह शहर में रहकर अपना चुनाव लड़ रही है।
सपा का रहा है दबदबा
पिछले कुछ चुनावों पर नजर डाले तो साल 1996 में सपा के टिकट से दीपक गुप्ता चुनाव जीते थे। 2002 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में दीपक गुप्ता को फिर जीत मिली थी। दीपक के निधन के बाद 2014 में हुए लोकसभा के चुनाव में दीपक की पत्नी मनीषा दीपक को भाजपा के पंकज गुप्ता ने हरा दिया था। इस बार सपा ने इस सीट से अभिनव सिंह को प्रत्याशी बनाया है। जबकि बसपा से देवेंद्र सिंह चुनाव मैदान में हैं।
माखी कांड
उन्नाव में 4 जून 2017 को 17 वर्षीय लड़की का कथित सामूहिक बलात्कार हुआ था। इस कांड के बाद उन्नाव जिला देशभर में सुर्खियों में आ गया था। इस रेपकांड की पीड़िता ने भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर रेप का आरोप लगाया था। कुलदीप सिंह सेंगर फिलहाल जेल में बंद है और अपनी सजा काट रहा है।
उन्नाव सदर विधानसभा के अनुमानित आंकड़े
कुल मतदाता- 3 लाख 97 हजार 947
पुरूष- 2 लाख 17 हजार 672
महिलाएं- एक लाख 80 हजार 252
जातीय आंकड़े
ब्राह्मण- 67 हजार
मुस्लिम- 43 हजार
लोधी- 54 हजार
क्षत्रिय- 34 हजार
केवट- 25 हजार
पासी- 34 हजार
वैश्य- 24 हजार