20 फरवरी को तीसरे चरण के लिए यूपी के 16 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव 2017 में 59 विधानसभा सीटों में भाजपा 49 सीटों पर अपना भगवा फहराया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहाकि, भाजपा 300 सीटों का लक्ष्य प्राप्त कर लेगी। 10 को भाजपा सरकार बनवाएं और 18 को आपके घर फ्री गैस सिलेंडर पहुंच जाएगा। विपक्ष पर जमकर बरसे अमित शाह
उत्तर प्रदेश में मौसम के तेवर तीखे हो गए हैं। मौसम विभाग ने भी संभावना जताई है कि अगले एक सप्ताह तक ठंड नहीं रहेगी। तापमान में इजाफा होगा। मौसम के तेवर के साथ चुनावी गर्मी की तपिश आम जनता के साथ राजनीतिक दलों को भी महसूस होने लगी है। चुनाव 2022 के तीसरे चरण में सूबे के तीन हिस्सों अवध, पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड की 59 सीटों पर वोटिंग होगी। देश के गृहमंत्री और भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह ने यादवलैंड में मतदाताओं को रिझाने की जबरदस्त कोशिश की है। अमित शाह औरैया के दिबियापुर के साथ मैनपुरी में जनसभा की। साथ ही कानपुर में जनसंपर्क कर अपनी उपलब्धियां गिनाई तो नए घोषणा पत्र के वादे को पूरा करने को कहा। उधर मुख्यमंत्री योगी इत्र नगरी कन्नौज के साथ कासगंज और इटावा में चुनावी सभा और जनसंपर्क का कार्यक्रम है। यह तीनों क्षेत्र ही समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाते हैं।
300 सीटों का लक्ष्य प्राप्त कर लेगी भाजपा
औरैया के दिबियापुर में आयोजित जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहाकि, भाजपा 300 सीटों का लक्ष्य प्राप्त कर लेगी। अमित शाह ने जनता से वादा किया है कि 10 मार्च को प्रदेश में भाजपा की सरकार लाओ और फ्री गैस सिलेंडर पाओ। अमित शाह ने कहा कि, हमने तय किया है कि होली और दीपावली में एक-एक सिलेंडर मुफ्त देने का काम करेंगे। होली 18 मार्च को है और 10 को मतगणना। 10 को भाजपा सरकार बनवाएं और 18 को आपके घर फ्री गैस सिलेंडर पहुंच जाएगा।
विपक्ष पर जमकर बरसे अमित शाह
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर अमित शाह ने तंज कसते हुए कहाकि, जो पीला चश्मा लगाए होता है उसे सब पीला ही दिखाई देता है। बहनजी और बबुआ के शासन में यूपी की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई थी। सत्तर साल तक कांग्रेस ने शासन किया लेकिन गरीब के घर में शौचालय था क्या।
अपराधियों पर न रहम हुआ है और न होगा : सीएम योगी
दुनिया में सुहागनगरी के नाम से फेमस फिरोजाबाद में एक जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास की राह में जो आएगा उसके लिए बुलडोजर तैयार है। महिलाओं के सम्मान के लिये कार्य किये। प्रदेश को दंगा मुक्त किया। अब कांवड़ यात्रा निकलती है। कर्फ्यू नहीं लगता। कासगंज के सोरोंजी में सीएम योगी ने कहाकि, सपा की संवेदना सदैव अपराधियों, गुंडे और माफिया के प्रति रही है, लेकिन भाजपा की सरकार में अपराधियों पर न रहम हुआ है और न होगा।
तीसरे चरण में 9 जिले यादवलैंड
तीसरे चरण में 9 जिले यादवलैंड हैं। 30 सीटें ऐसी हैं जो यादव बहुल हैं। ये सीटें फिरोजाबाद कन्नौज, मैनपुरी, इटावा जिलों में आती हैं। मैनपुरी की करहल सीट से सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव जसवंतनगर से शिवपाल यादव चुनाव लड़ रहे हैं।
तीसरे चरण के रण में 16 जिलों की 59 सीटों के लिए संग्राम
20 फरवरी को तीसरे चरण के लिए यूपी के 16 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग होगी। तीसरे चरण में पश्चिमी यूपी के पांच जिले फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज और हाथरस हैं जहां 19 विधानसभा सीटें हैं। अवध क्षेत्र के कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, 6 जिले हैं जहां 27 विधानसभा सीटें हैं। और बुंदेलखंड में झांसी, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा जिले में मतदान है जहां 13 विधानसभा सीटे हैं। चुनाव 2017 में 59 विधानसभा सीटों में भाजपा 49 सीटों पर अपना भगवा फहराया था। समाजवादी पार्टी के हिस्से 8 सीटें आई जबकि कांग्रेस और बसपा को सिर्फ एक-एक सीट ही मिली थी। इस बार जहां भाजपा को अपनी सीटें बचानी है वहीं सीटें भी बढ़ानी है। सपा के लिए खोने को कुछ नहीं है। पाने को काफी कुछ है।