यूपी चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग 20 फरवरी को होने वाली है। बहुजन समाज पार्टी की चुप्पी से अन्य दल हैरान हैं। बसपा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहाकि, यह विपक्ष के लिए एक झटका होने वाला है, क्योंकि वे हमें कम आंक रहे हैं। बसपा इस बार फिर से बहुमत की सरकार बनाएगी। 2017 के चुनावों की सबसे खराब स्थिति में भी बसपा के पास 22 प्रतिशत वोट शेयर हमेशा बरकरार था। जब इसमें 14 फीसदी ब्राह्मण जुड़ जाते हैं तो सरकार बनना तय है। साथ ही बसपा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने उन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि मायावती सेवानिवृत्ति की योजना बना रही हैं। सपा-रालोद और भाजपा के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर कि जाटवों सहित दलित मतदाताओं ने अपना आधार बदल लिया है, बसपा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने संवाददाताओं से कहाकि, दलित वोट एक प्रतिशत भी नहीं बदले (दूसरी पार्टी में शिफ्ट) हैं। विपक्षी दल इस बारे में सपना देख रहे हैं। भाजपा और सपा सरकारों में जिस तरह से दलितों पर अत्याचार किए गए हैं, उनका समर्थन करने वाले दलितों का सवाल ही नहीं उठता।