चुनाव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तीसरे चरण की वोटिंग शुरू, दांव पर 627 उम्मीदवारों की किस्मत

Uttar Pradesh Assembly elections 2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तीसरे चरण की वोटिंग आज 20 फरवरी सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। चुनाव 2022 के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मुकाबला है। 2.16 करोड़ मतदाता 627 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

2 min read
Feb 20, 2022
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तीसरे चरण की वोटिंग आज

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तीसरे चरण की वोटिंग आज 20 फरवरी सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। चुनाव 2022 के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मुकाबला है। 2.16 करोड़ मतदाता 627 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इसमें 97 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों में मतदान होना है। तीसरे चरण में 13 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जिन्हें संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इनमें कन्नौज, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, मैनपुरी, भोगांव, किशनी, करहल, अलीगंज, सादाबाद, आर्यनगर, सीसामऊ, किदवईनगर और कानपुर कैंट की सीट शामिल है। तीसरे चरण में प्रदेश की कई दिग्‍गज राजनीतिक हस्तियों का भाग्‍य EVM में बंद हो जाएगा। चुनाव को देखते हुए मतदान केंद्र और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।

करहल से अखिलेश यादव पर सबकी निगाह

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव करहल से चुनाव लड़ रहे हैं, उनके मुकाबले में भाजपा के एसपी सिंह बघेल हैं। सतीश महाना कानपुर की महराजपुर, राम नरेश अग्निहोत्री मैनपुरी के भोगांव, नीलिमा कटियार कल्याणपुर, शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर, सिरसागंज सीट पर मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं। कानपुर की किदवईनगर सीट से कांग्रेस के अजय कपूर, सीसामऊ सीट पर सपा के हाजी इरफान सोलंकी, फर्रुखाबाद सीट से लुईस खुर्शीद कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। बसपा छोड़कर भाजपा में आए रामवीर उपाध्याय सादाबाद से फिर मैदान में हैं।

इन जिलों में होंगे चुनाव

यूपी चुनाव के तीसरे चरण में पश्चिमी यूपी के पांच जिले-फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, हाथरस और अवध क्षेत्र के छह जिलों-कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज, इटावा और फरुर्खाबाद में भी चुनाव होना है। बुंदेलखंड क्षेत्र के पांच जिलों-झांसी, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में भी मतदान होगा।

चुनाव 2017 में भाजपा को 59 में से 49 सीटें मिलीं

यादव बेल्ट के रूप में जाना जाने वाला यह क्षेत्र कभी समाजवादी पार्टी का गढ़ था, लेकिन 2017 में अधिकांश यादव वोट भाजपा के पास चले गए थे। भाजपा ने 59 में से 49 सीटें जीतीं जबकि सपा को केवल 9 सीटों से संतोष करना पड़ा था। तब कांग्रेस को एक मिली थी, जबकि बसपा को यहां से एक भी सीट नहीं मिली थी।

सबसे अमीर प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव

उत्तर प्रदेश इलेक्शन वॉच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स अपनी रिपोर्ट के जरिए तीसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 623 उम्मीदवारों के बारे में बताया कि इस चरण में 22 उम्मीदवारों के ऊपर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सबसे अधिक 52 फीसद दागी समाजवादी पार्टी, भाजपा के 46 फीसद, बसपा के 39 फीसद, कांग्रेस 36 फीसद और आम आदमी पार्टी के 22 फीसद प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले हैं। इस चरण 245 उम्मीदवार करोड़पति हैं। यशपाल सिंह यादव सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। इसके बाद कानपुर की किदवई नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजय कपूर का नाम है।

Updated on:
20 Feb 2022 08:56 am
Published on:
20 Feb 2022 07:18 am
Also Read
View All