मनोरंजन

पुलवामा हमले के बाद भारतीय न्यूज चैनलों की सुर्खियों में छाए थे अली जफर, फवाद और माहिरा खान, पाकिस्तानी सिंगर ने किया खुलासा

Ali Zafar Pulwama Attack Bollywood Ban: पाकिस्तानी सिंगर और एक्टर अली जफर ने 2019 के पुलवामा हमले के बाद भारतीय न्यूज चैनलों की कवरेज और बॉलीवुड में लगे बैन पर खुलकर बात की है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 5:17 PM IST
Ali Zafar Pulwama Attack Bollywood Ban
बॉलीवुड में बैन और विरोध पर पहली बार खुलकर बोले अली जफर (सोर्स: IMDb)

Ali Zafar Podcast Interview: पाकिस्तानी एक्टर और सिंगर अली जफर ने साल 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय मनोरंजन जगत में पाकिस्तानी स्टार्स पर लगे बैन और उस दौरान हुए विरोध को लेकर खुलकर बात की है। हाल ही में वसीम अब्बास के पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए अली जफर ने बताया कि पुलवामा हमले के बाद एक हफ्ते तक भारत के बड़े न्यूज चैनलों की सुर्खियों में उनके साथ-साथ फवाद खान और माहिरा खान के क्लिप्स दिखाए जा रहे थे। हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत में काम के अवसर खत्म होने से उन्हें कोई खास निराशा नहीं हुई, क्योंकि वे पहले से ही ऐसी स्थिति के लिए मानसिक रूप से तैयार थे।

न्यूज चैनलों की सुर्खियों पर क्या बोले अली जफर?

पॉडकास्ट के दौरान उस दौर को याद करते हुए अली जफर ने कहा कि पुलवामा हमले की कवरेज के वक्त लगातार एक सप्ताह तक प्रमुख भारतीय समाचार चैनलों पर उनके, फवाद खान और माहिरा खान के वीडियो क्लिप्स चलाए जा रहे थे, मानो वे कह रहे हों कि 'देखिए इन्हें'। इस पर अपनी सोच शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में नकारात्मकता को नजरअंदाज करना जरूरी होता है और हर मुश्किल दौर गुजर जाता है।

"मैं पहले से ही मानसिक रूप से तैयार था"

बॉलीवुड में करियर थम जाने के असर पर बात करते हुए अली जफर ने बताया कि भारत में काम करते समय उन्हें हमेशा इस बात का एहसास था कि एक पाकिस्तानी कलाकार होने के नाते हालात कभी भी बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे हमेशा यही सोचकर चलते थे कि आज जो काम है, हो सकता है कल न रहे, क्योंकि उनका असली ठिकाना पाकिस्तान ही है जहां उन्होंने अपना नाम बनाया है।

अली के मुताबिक, खासतौर पर जब भारत में सरकार और उसकी विचारधारा बदली, तो उन्हें अंदाजा था कि आगे ऐसा हो सकता है। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का महज एक अध्याय बताते हुए कहा कि उन्हें इस बात से कोई निराशा नहीं होती।

राष्ट्रीय सुरक्षा को बताया सर्वोपरि, सांस्कृतिक आदान-प्रदान की जताई उम्मीद

अली जफर ने दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों पर विचार रखते हुए उम्मीद जताई कि सांस्कृतिक और कलात्मक आदान-प्रदान के जरिए भारत और पाकिस्तान के रिश्ते बेहतर हो सकते हैं। उनका मानना है कि टकराव में खर्च होने वाले संसाधनों और ऊर्जा को रचनात्मकता और कला के क्षेत्र में लगाया जा सकता है।

इसके साथ ही उन्होंने ये भी स्वीकार किया कि किसी भी देश के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा और जन सुरक्षा हमेशा पहली प्राथमिकता होनी चाहिए और इन मुद्दों पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हर चीज अपना समय लेती है। गौरतलब है कि अली जफर आखिरी बार साल 2016 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म 'डियर जिंदगी' में आलिया भट्ट के साथ नजर आए थे।

Updated on:
23 Nov 2026, 5:17 PM IST
Published on: