
Anaya Bangar Gender Affirming Surgery: अपनी पहचान को स्वीकार करना किसी भी इंसान के जीवन का सबसे बड़ा फैसला हो सकता है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनाया बांगर ने भी ऐसा ही साहस भरा कदम उठाया। कभी आर्यन के नाम से पहचाने जाने वाले अनाया ने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी के जरिए अपनी नई पहचान को अपनाया और अब अनाया बांगर नाम की ट्रांसजेंडर महिला के रूप में नई जिंदगी की शुरुआत कर चुकी हैं। हालांकि उनका कहना है कि सर्जरी कराना सबसे मुश्किल हिस्सा नहीं था, बल्कि उसके बाद की जिंदगी कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है। इसी बीच उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने बताया है कि वो सर्जरी के बाद पहले दिन जिम में आई हैं।
हाल ही में अनाया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी सर्जरी को तीन महीने पूरे हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने ऑपरेशन के बाद पहली बार जिम लौटने की झलक भी दिखाई। इस वीडियो को देखकर उनके प्रशंसकों ने उनकी हिम्मत और पॉजिटिव सोच की जमकर तारीफ की।
अनाया ने अपने पुराने वीडियो में बताया था कि जब उन्होंने ये फैसला लिया था, तब उन्हें लगा था कि सबसे बड़ी चुनौती ऑपरेशन तक पहुंचना है। लेकिन अब उन्हें एहसास हुआ है कि असली परीक्षा तो रिकवरी और नई जिंदगी के साथ खुद को ढालने की है।
उन्होंने कहा कि शरीर में आए बदलावों के साथ तालमेल बैठाना, रोजमर्रा की जिंदगी को नए तरीके से जीना और खुद को मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनाए रखना आसान नहीं है। हालांकि इस सफर की कठिनाइयों के बावजूद उन्हें इस बात की खुशी है कि अब वे उसी पहचान के साथ जी रही हैं, जिसे हमेशा महसूस करती थीं।
सर्जरी के बाद पहली बार जिम पहुंचीं अनाया ने फिटनेस की ओर भी कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि अब उनकी कोशिश शरीर को फिर से मजबूत और स्वस्थ बनाने की है। जिम से शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने अपने नए सफर की शुरुआत को लेकर उत्साह भी जाहिर किया।
उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने लिखा कि अनाया का आत्मविश्वास उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो अपनी पहचान को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
अनाया जल्द ही 'स्टोरीज मेड बाय वुमन' नाम की एक वेब सीरीज में दिखाई देंगी। यह प्रोजेक्ट उनकी निजी जिंदगी से प्रेरित है, जिसमें वह अपने पूरे सफर को दुनिया के सामने रखेंगी।
सीरीज में दिखाया जाएगा कि किस तरह उन्होंने लंबे समय तक अपनी पहचान को लेकर संघर्ष किया, समाज के डर का सामना किया और आखिरकार अपनी असली पहचान के साथ जिंदगी जीने का फैसला लिया। यह कहानी केवल जेंडर ट्रांजिशन की नहीं, बल्कि आत्मस्वीकृति, साहस और नई शुरुआत की भी होगी।