
Anirudh Ravichander Wedding Treat: फेमस म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर ने अपनी पत्नी काव्या मारन के साथ चेन्नई में होने वाले वेडिंग रिसेप्शन से सिर्फ कुछ घंटे पहले फैंस को एक बड़ा म्यूजिकल सरप्राइज दिया है। आज शनिवार, 21 नवंबर को अनिरुद्ध ने सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' के दो नए ओरिजिनल साउंडट्रैक (OST) जारी किए। अपनी शादी के रिसेप्शन वाले दिन भी नया संगीत रिलीज करने के उनके इस समर्पण को देखकर सोशल मीडिया पर फैंस बेहद उत्साहित हैं और उन्हें 'GOAT हो तुम' (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) बता रहे हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर ने सोशल मीडिया पर 'अनफिनिश्ड बिजनेस' (Unfinished Business) और 'बिंदास X हुकुम' (Bindaas X Hukum) नाम के दो नए थीम ट्रैक शेयर किए और कैप्शन में छोटा सा नोट लिखा, "ये रहे।" ये दोनों ट्रैक फिल्म के 12-ट्रैक वाले ओरिजिनल मोशन पिक्चर साउंडट्रैक में नए जोड़े गए हैं, जिसे पहले 23 अक्टूबर 2026 को रिलीज किया गया था। जहां 'अनफिनिश्ड बिजनेस' सीक्वल में एक नया म्यूजिकल अंदाज जोड़ता है, वहीं 'बिंदास X हुकुम' फिल्म की 'बिंदास' थीम को इस फ्रेंचाइजी के लोकप्रिय 'हुकुम' संगीत के साथ पेश करता है।
गाने रिलीज होते ही कमेंट सेक्शन में फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने अनिरुद्ध की तारीफ करते हुए लिखा कि 'GOATrudh' अपने रिसेप्शन के दिन भी ट्वीट कर रहे हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने इसे 'वेडिंग ट्रीट' बताते हुए शानदार ट्रैक्स के लिए धन्यवाद दिया, जबकि एक तीसरे फैन ने मजाकिया लहजे में कहा कि भाई पर रिसेप्शन के दिन भी काम का बोझ है।
ग्रीस में निजी समारोह में शादी रचाने के बाद अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की को-ओनर काव्या मारन आज 21 नवंबर को चेन्नई के आईटीसी ग्रैंड चोला (ITC Grand Chola) होटल में एक भव्य वेडिंग रिसेप्शन दे रहे हैं। इस खास मौके पर सिनेमा, क्रिकेट और राजनीति जगत की कई नामी हस्तियां शिरकत कर रही हैं। मेहमानों में तेलुगु सुपरस्टार महेश बाबू और उनका परिवार, अभिनेता सिद्धार्थ और अदिति राव हैदरी, तथा सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व क्रिकेटर केन विलियमसन, डेल स्टेन और डेनियल विटोरी जैसे दिग्गज शामिल हैं।
नेल्सन दिलीपकुमार के लेखन और निर्देशन में बनी एक्शन-एंटरटेनर फिल्म 'जेलर 2' में रजनीकांत अपने फेमस किरदार 'टाइगर मुथुवेल पांडियन' के रूप में लौटे हैं। सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि मारन केे जरिए निर्मित ये फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में राम्या कृष्णन, मोहनलाल, शिवा राजकुमार, जैकी श्रॉफ, विद्या बालन, एसजे सूर्या, सूरज वेंजारामूडु, योगी बाबू, मिर्ना मेनन और जतिन सरना जैसे कलाकार शामिल हैं। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी विजय कार्तिक कन्नन, एडिटिंग आर. निर्मल और एक्शन कोरियोग्राफी चेतन डिसूजा ने की है।