21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Entertainment / कर्नाटक में आर्थिक असमानता पर भड़के नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर प्रकाश बेलावाड़ा, बोले- ये क्रूर और अस्वीकार्य है

कर्नाटक में आर्थिक असमानता पर भड़के नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर प्रकाश बेलावाड़ा, बोले- ये क्रूर और अस्वीकार्य है

Prakash Belawadi On Karnataka Economic Disparity: नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर प्रकाश बेलावाड़ी ने कर्नाटक के विकास और आर्थिक समानता को लेकर अपनी राय साझा की है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Himanshu Soni

•

Updated: 21 Nov 2026, 5:14 PM IST

Prakash Belawadi On Karnataka Economic Disparity

Prakash Belawadi (फोटो सोर्स- IMDb)

Prakash Belawadi On Karnataka Economic Disparity: नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर प्रकाश बेलावाड़ी ने कर्नाटक के विकास और आर्थिक असमानता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। 'टाइम्स नाउ' समिट कर्नाटक में बातचीत के दौरान उन्होंने बेंगलुरु के बिगड़ते ट्रैफिक, शहर में असमान बुनियादी सुविधाओं और राज्य के दूसरे जिलों की अनदेखी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की अर्थव्यवस्था में कृषि का योगदान भले ही कम हो, लेकिन राज्य की आधी आबादी की आजीविका इसी पर निर्भर है। उन्होंने इस आर्थिक असमानता को क्रूर और अस्वीकार्य बताया।

एयरपोर्ट से कोरमंगला पहुंचने में लगे तीन घंटे

प्रकाश बेलावाड़ी ने बेंगलुरु के ट्रैफिक की समस्या का जिक्र करते हुए अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि शाम 6 बजे बेंगलुरु पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से कोरमंगला जाने में उन्हें करीब तीन घंटे लग गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली से बेंगलुरु की फ्लाइट का सफर सड़क से तय किए गए इस रास्ते से कम समय में पूरा हो गया।

उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले 20 वर्षों से शहर में आने-जाने के बावजूद ट्रैफिक की समस्या में कोई खास सुधार क्यों नहीं हुआ। बेलावाड़ी ने कहा कि चाहे राज्य में बीजेपी की सरकार रही हो या कांग्रेस की, बेंगलुरु की बुनियादी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

उनके मुताबिक, शायद राजनीतिक रूप से बेंगलुरु को उतना महत्व नहीं दिया जाता, इसलिए यहां की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भी सवाल किया कि वे हर दिन हजारों नई गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन और बढ़ते ट्रैफिक के बावजूद बेहतर सुविधाओं की मांग क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, लोगों को मेट्रो का इस्तेमाल करना चाहिए।

बेंगलुरु के बजाय दूसरे जिलों में भी हो निवेश

प्रकाश बेलावाड़ी ने कहा कि कर्नाटक का विकास सिर्फ बेंगलुरु तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राज्य के दूसरे शहरों और जिलों में भी बड़े स्तर पर निवेश की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर 27 हजार करोड़ रुपये किसी दूसरे जिले या शहर में निवेश किए जाएं, तो वहां भी नया आर्थिक केंद्र विकसित किया जा सकता है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को बेहतर सुविधाओं के लिए बेंगलुरु पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जिलों को अपने विकास से जुड़े खर्चों पर ज्यादा अधिकार मिलना चाहिए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को तय करना चाहिए कि उनके क्षेत्र में किन सुविधाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है। इस तरह हर जिले में मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल, विश्वविद्यालय और बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।

कृषि पर निर्भर आधी आबादी, लेकिन अर्थव्यवस्था में योगदान सिर्फ 10 फीसदी

बेलावाड़ी ने कर्नाटक की अर्थव्यवस्था में अलग-अलग क्षेत्रों के योगदान का आंकड़ा रखते हुए आर्थिक असमानता पर चिंता जताई। उनके मुताबिक, राज्य की अर्थव्यवस्था का करीब 70 फीसदी हिस्सा आईटी, पर्यटन, रियल एस्टेट और सर्विस सेक्टर से आता है। वहीं, कृषि का योगदान लगभग 10 फीसदी है।

हालांकि, कृषि क्षेत्र राज्य की करीब 50 फीसदी आबादी की आजीविका का आधार है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी की रोजी-रोटी जिस क्षेत्र पर निर्भर है, उसका आर्थिक योगदान इतना कम होना चिंता की बात है।

उन्होंने इस अंतर को क्रूर और अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि विकास की योजनाओं में उन लोगों और क्षेत्रों को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जो राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

'स्टंबल' के लिए जीत चुके हैं नेशनल फिल्म अवॉर्ड

प्रकाश बेलावाड़ी फिल्ममेकर होने के साथ थिएटर डायरेक्टर, अभिनेता, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। उनकी पहली निर्देशित फिल्म 'स्टंबल' को अंग्रेजी भाषा की सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म की श्रेणी में नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था। इस उपलब्धि के लिए उन्हें सिल्वर लोटस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।