
Anupam Kher social media controversy: अभिनेता अनुपम खेर कोलकाता में बदलाव को लेकर दिए गए अपने बयान के चलते चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि पहले यहां आने पर दो-तीन या चार कैमरे ही दिखते थे और प्रेस के लोग मंदिर में आने से भी डरते थे, लेकिन अब 40 से 50 कैमरे नजर आते हैं, जो बदलाव का संकेत है। बता दें, अनुपम खेर के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच तीखी और अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
अनुपम खेर ने स्पष्ट किया कि कैमरों और लोगों की मौजूदगी इसलिए नहीं बढ़ी है कि उनकी लोकप्रियता अचानक बहुत ज्यादा हो गई है, क्योंकि दो साल पहले भी वे वही थे और आज भी वही हैं। उनके अनुसार, ये स्थिति दिखाती है कि बदलाव आ रहा है और आगे भी आएगा।
उन्होंने कहा कि बदलाव किसी एक जाति या धर्म के लिए नहीं, बल्कि लोगों और प्रजा के लिए अच्छा होता है, और यह बदलाव यहां आना बेहद जरूरी है।
अनुपम खेर के बयान पर कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स ने तीखी टिप्पणियां की हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह बदलाव केवल उनके और उनके जैसे लोगों के लिए है, जबकि आम जनता आज भी गरीब है और अमीर-गरीब के बीच की खाई बढ़ रही है।
वहीं, एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि पहले अनुपम खेर थे और अब यही बदलाव है, जबकि एक टिप्पणी में उन्हें भाजपा में शामिल होने की सलाह देते हुए फिल्मों में रोल न मिलने का तंज भी कसा गया। दूसरी ओर, एक कमेंट में राजनीतिक और मीडिया को लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणी भी देखने को मिली।
इससे पहले अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर फिल्म 'रामायण' को लेकर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की। अनुपम ने इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की बेहतरीन फिल्मों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने आज तक इतनी शानदार विजुअल प्रस्तुति वाली फिल्म नहीं देखी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो, अनुपम खेर ने 'रामायण' में जटायु का किरदार निभाया है। इसके अलावा, फिल्म की शुरुआत में उनकी आवाज में कथावाचन भी सुनाई देता है। अभिनेता ने इस भूमिका को अपने लिए सम्मान और गर्व की बात बताया। उनका कहना है कि इतनी भव्य फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए एक यादगार और विशेष अनुभव है।