
Anupam Kher Deepika Padukone Acting Training: एक्टर अनुपम खेर ने 'इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया' (IFFI) 2026 के एक पैनल डिस्कशन के दौरान दीपिका पादुकोण के शुरुआती ट्रेनिंग दिनों का दिलचस्प किस्सा शेयर किया है। बॉलीवुड में कदम रखने से पहले दीपिका ने अनुपम खेर के एक्टिंग स्कूल 'एक्टर प्रिपेयर्स' (Actor Prepares) में तीन महीने का कोर्स किया था। अनुपम ने बताया कि एक एक्टिंग एक्सरसाइज के दौरान दीपिका काफी परेशान हो गई थीं और उनकी आंखों में आंसू आ गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अभ्यास को पूरा किया।
अनुपम खेर ने बताया कि दीपिका उनके इंस्टिट्यूट के दूसरे बैच की छात्रा थीं। उस वक्त वह एक स्थापित मॉडल थीं और निर्देशक फराह खान ने उन्हें शाहरुख खान के साथ फिल्म 'ओम शांति ओम' के लिए चुन लिया था। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने तीन महीने का एक्टिंग कोर्स जॉइन किया।
अनुपम के मुताबिक, मॉडलिंग और पढ़े-लिखे बैकग्राउंड के कारण दीपिका बेहद व्यवस्थित और नपे-तुले अंदाज में रहती थीं। यहां तक कि वह चाय का कप भी एक खास तरीके से उठाती थीं, जिसकी वजह से शुरुआत में उनके अभिनय में वह स्वाभाविकता नहीं दिखती थी।
अभिनय को स्वाभाविक बनाने और कंफर्ट जोन से बाहर निकालने के लिए अनुपम ने क्लास में दीपिका को एक नौकरानी का किरदार निभाते हुए फर्श पर झाड़ू लगाने का टास्क दिया। अनुपम के अनुसार, दीपिका इसे भी काफी सलीके और नजाकत से कर रही थीं, जबकि इस काम में स्वाभाविकता नजर आनी चाहिए थी।
इसके बाद अनुपम ने अपने घर की नौकरानी को बुलाकर फर्श पर झाड़ू लगवाई, जिसने पूरे मन से यह काम किया। अनुपम ने दीपिका से कहा कि यह अभ्यास तब तक चलेगा, जब तक उन्हें यकीन न हो जाए कि वह सच में उस किरदार को जी रही हैं। लगातार दोहराई गई इस प्रक्रिया से दीपिका शुरुआत में झुंझला गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए, लेकिन उन्होंने एक्सरसाइज पूरी की और बाद में अनुपम का आभार भी जताया। अनुपम ने कहा कि कलाकार को लगातार अभ्यास करना चाहिए और अवसर पाने के लिए थोड़ा चतुर भी होना पड़ता है।
दीपिका पादुकोण ने साल 2006 में कन्नड़ फिल्म 'ऐश्वर्या' से अभिनय की शुरुआत की थी और 2007 में 'ओम शांति ओम' से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने 'ये जवानी है दीवानी', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'गोलियों की रासलीला राम-लीला', 'पीकू', 'बाजीराव मस्तानी', 'छपाक' और 'गहराइयां' जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 2017 में विन डीजल के साथ 'ट्रिपल एक्स: रिटर्न ऑफ जेंडर केज' से हॉलीवुड में भी कदम रखा।
आगे दीपिका सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म 'किंग' में एक बार फिर शाहरुख खान के साथ नजर आएंगी। इस फिल्म में सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और अभय वर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।