
Ashwini Kalsekar Emotional: टीवी के फेमस शो 'CID' से जुड़ी यादें शेयर करते हुए एक्ट्रेस अश्विनी कालसेकर भावुक हो गईं। एक इंटरव्यू में उन्होंने दिवंगत निर्माता-निर्देशक बी.पी. सिंह को याद किया और बताया कि किस तरह उन्होंने उन्हें अभिनय की बारीकियां सिखाईं। अश्विनी ने बी.पी. सिंह को अपना गुरु और मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने से लेकर डायलॉग बोलने तक, उन्होंने हर छोटी-बड़ी बात में उनकी मदद की थी।
अश्विनी कालसेकर ने IANS को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने 1996 में टीवी शो 'आहट' के एक एपिसोड में पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्हें 'सीआईडी' में काम करने का मौका मिला। वह शो के 13वें एपिसोड में नजर आई थीं।
एक्ट्रेस के मुताबिक, उस समय उन्हें पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाने का ज्यादा अनुभव नहीं था। बी.पी. सिंह ने उन्हें समझाया कि एक पुलिसकर्मी की तरह खड़े कैसे होना है, चलना कैसे है और संवाद किस अंदाज में बोलने हैं। उन्होंने डायलॉग याद करने के तरीके के साथ-साथ विराम चिह्नों के महत्व को भी समझाया। अश्विनी ने कहा कि बी.पी. सिंह उन्हें केवल निर्देश नहीं देते थे, बल्कि हाथ पकड़कर हर चीज सिखाते थे। वो बताते थे कि किस तरफ देखना है, कैसे खड़े होना है और किसी सीन को किस तरह निभाना है। एक्ट्रेस के लिए ये सीख उनके अभिनय सफर का अहम हिस्सा रही।
अश्विनी कालसेकर ने बी.पी. सिंह के काम करने के तरीके को याद करते हुए बताया कि वो अपने कलाकारों को किरदार की बारीकियों पर खास ध्यान देने के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस अधिकारी की भूमिका को विश्वसनीय बनाने के लिए उनकी ट्रेनिंग और मार्गदर्शन बेहद अहम था।
एक्ट्रेस ने बी.पी. सिंह के निधन को अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने भारतीय टेलीविजन में उनके योगदान, अनुशासन और कलाकारों को मार्गदर्शन देने के तरीके की भी सराहना की। अश्विनी की बातें बताती हैं कि 'सीआईडी' में उनके अनुभव के दौरान बी.पी. सिंह की सीख सिर्फ एक किरदार निभाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि अभिनय की बुनियादी समझ विकसित करने में भी उनकी अहम भूमिका रही।