
Babil Khan Trolling Reaction: दिवंगत एक्टर इरफान खान के बेटे और स्टार बाबिल खान अक्सर अपने संवेदनशील और इमोशनल बिहेवीयर के कारण सोशल मीडिया पर सुर्खियो में रहते हैं। जहां एक वर्ग उनकी सादगी की तारीफ करता है, तो वहीं कई लोग उनके बिहेवियर को 'ओवरएक्टिंग' और दिखावा कहकर उन्हें ट्रोल भी करते हैं। अब पहली बार बाबिल खान ने इस लगातार हो रही ट्रोलिंग पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में रचित सिंह के साथ हुई एक बातचीत में बाबिल ने साफ कर दिया है कि वे अपनी असल पहचान नहीं बदलेंगे और नकारात्मकता से आगे बढ़ना सीख चुके हैं।
बता दें, इंडस्ट्री में अपने 6 साल के सफर को याद करते हुए बाबिल ने कहा कि खुद के जैसा बने रहने की कीमत उन्हें चुकानी पड़ी है और इसके लिए उन्हें काफी कुछ झेलना पड़ा है। अपने आलोचकों को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वे जैसे हैं, वैसे ही रहेंगे और अब उन्हें ट्रोलिंग से कोई फर्क नहीं पड़ता। बाबिल ने एक्सेप्ट किया कि ट्रोलिंग से दुख तो होता है, लेकिन अब उस दुख का असर उन पर बहुत कम होता है। उन्होंने कहा कि वे आज भी अपने जज्बातों को खुलकर जाहिर करते हैं और सीख चुके हैं कि नकारात्मक अनुभवों से खुद को अलग रखकर आगे कैसे बढ़ना है।
बाबिल खान को बीते 2 सालों में कई बार सोशल मीडिया पर तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। साल 2024 में एक इवेंट का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें किसी महिला की फोटो में गलती से आ जाने (फोटोबॉम्बिंग) पर वे बार-बार माफी मांगते दिखे थे। उस समय यूजर्स ने उन्हें 'नकली' बताया था। इस पर सफाई देते हुए बाबिल ने कहा कि रेड कार्पेट पर किसी और के पल में दखल देने पर उनकी प्रतिक्रिया बिल्कुल स्वाभाविक थी, हालांकि उस समय उनके मन में खुद को लेकर सेल्फ-डाउट जरूर था।
इसके साथ ही, मई 2025 में भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे बॉलीवुड पर बात करते हुए रो पड़े थे। इसके बाद में उनकी टीम ने साफ किया था कि उनकी बातों को संदर्भ से काटकर पेश किया गया था और उस दिन वे किसी व्यक्तिगत मुश्किल दौर से गुजर रहे थे।
इस बातचीत के एक रैपिड-फायर राउंड के दौरान बाबिल ने इस धारणा को भी गलत बताया कि इमोशनल इंसान कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर उनके भावुक स्वभाव को देखकर मान लेते हैं कि उनमें कठिन परिस्थितियों से लड़ने की ताकत नहीं है, जबकि हकीकत इसके बिल्कुल उलटा होता है।
बता दें, एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले बाबिल ने अपने पिता इरफान खान की फिल्म 'करीब करीब सिंगल' में कैमरा असिस्टेंट के रूप में काम किया था। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने फिल्म 'कला' से बतौर एक्टिंग डेब्यू किया, जिसमें तृप्ति डिमरी और स्वस्तिका मुखर्जी भी लीड रोल में थीं। इस फिल्म में बाबिल के अभिनय को क्रिटिंक्स से काफी तारीफ मिली थी।