
Anand Chavan And Bigg Boss Salman Khan Host: 'बिग बॉस' के पूर्व टैलेंट हेड आनंद चव्हाण ने शो की होस्टिंग को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एक पॉडकास्ट बातचीत में उन्होंने बताया कि कई ए-लिस्ट सेलिब्रिटीज ने उनसे कनेक्ट कर सलमान खान की जगह खुद होस्ट बनने की इच्छा जताई थी और इसके लिए कम फीस लेने तक का प्रस्ताव दिया था। आनंद के मुताबिक, एक अभिनेत्री ने तो सलमान की एंकरिंग में पहले जैसी जान न होने की बात कहते हुए खुद को होस्ट बनाने का सुझाव भी दे डाला था।
सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में आनंद चव्हाण ने बताया कि वे पहले एंडेमोल (Endemol) में वाइस प्रेसिडेंट और टैलेंट मैनेजर रह चुके हैं और 'बिग बॉस' के 15 सीजन्स की कास्टिंग से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई चर्चित चेहरे ऐसे सुझाव देते थे कि चैनल इतना बड़ा बजट खर्च कर रहा है, जबकि उन्हें लिया जाए तो खर्च कम हो सकता है या लगभग न के बराबर होगा।
हालांकि, आनंद ने यह भी साफ किया कि मेकर्स ने कभी सलमान खान को बदलने के बारे में गंभीरता से नहीं सोचा। उनके अनुसार, शो के साथ सलमान खान ने जो जगह और पहचान बनाई है, वह बेहद अहम है और इसी वजह से मेजबान को बदलने का विचार कभी आगे नहीं बढ़ा।
आनंद चव्हाण ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक्ट्रेस , जो फिलहाल विदेश में रहती हैं, उनसे पहले कंटेस्टेंट के तौर पर 'बिग बॉस' के लिए बात की गई थी। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सलमान की एंकरिंग में अब पहले जैसी जान नहीं दिख रही है।
शुरुआत में आनंद को लगा कि वह केवल अपनी राय रख रही हैं, लेकिन बात खत्म होते-होते उन्होंने यह दावा कर दिया कि वह बेहतर होस्टिंग कर सकती हैं और मेकर्स को उन्हें होस्ट बनाने पर सोचना चाहिए। इस वाकये को याद करते हुए आनंद ने हैरानी जताई कि लोगों में इतनी हिम्मत भी होती है कि वे सीधे ऐसा प्रस्ताव रख दें।
पूर्व टैलेंट हेड ने 'बिग बॉस मराठी' के तीसरे सीजन से जुड़ा एक और वाकया सुनाया। उन्होंने बताया कि उस दौरान जब महेश मांजरेकर की तबीयत खराब थी, तब प्रतियोगी अभिजीत बिचुकले ने होस्ट बनने की पेशकश करते हुए उनसे संपर्क किया था। आनंद के मुताबिक, बिचुकले ने कहा था कि स्वास्थ्य कारणों से महेश सर शो नहीं कर सकते, ऐसे में उनके सिवा कोई दूसरा विकल्प नहीं है और उन्हें ही एंकर के तौर पर फाइनल कर दिया जाए।