मनोरंजन

छठ पूजा और बिहारी महिलाओं के सिंदूर पर भद्दा मजाक कर फंसे कॉमेडियन यश माहेश्वरी, FIR की मांग के बाद अब मांगी माफी

Yash Maheshwari Sindoor Controversy: बिहारी महिलाओं के सिंदूर लगाने का मजाक बनाने के बाद अब कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने माफी मांग ली है। एक वीडियो जारी करते हुए यश ने इस पूरे विवाद पर बात की है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
3 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 7:49 AM IST
Yash Maheshwari Sindoor Controversy
यश माहेश्वरी (फोटो सोर्स- @ekbiharii/X)

Yash Maheshwari Sindoor Controversy: स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी अपने एक विवादित वीडियो को लेकर मुश्किलों में घिर गए हैं। उन्होंने छठ पूजा और बिहार की विवाहित महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर ऐसा मजाक किया, जिस पर सोशल मीडिया पर जमकर नाराजगी देखने को मिल रही है। वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी नेता ऋतु जायसवाल ने उनके खिलाफ बिहार के हर जिले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। वहीं, पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और नेता संजय निरुपम ने भी कॉमेडियन की टिप्पणी की आलोचना की है। बढ़ते विवाद के बीच यश ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांग ली है, लेकिन उनकी माफी से लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है।

छठ पूजा पर मजाक करना पड़ा भारी

दरअसल, यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर 'Morally Questionable' नाम से एक वीडियो अपलोड किया था। इसमें वह बिहार की महिलाओं और छठ पूजा के दौरान सिंदूर लगाने की परंपरा पर टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं।

कॉमेडियन ने बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से सिंदूर लगाने की परंपरा का जिक्र करते हुए अश्लील तुलना की। उन्होंने अपने पति की लंबी उम्र और बजरंगबली से जुड़ी टिप्पणी भी की। उनका यह वीडियो सामने आने के बाद बिहार के लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी नाराजगी जताई।

वीडियो में मौजूद दर्शक भले ही उनकी बातों पर हंसते नजर आए, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे धार्मिक आस्था और बिहार की संस्कृति का अपमान बताया। विवाद बढ़ने के बाद यश ने अपने यूट्यूब चैनल से यह वीडियो हटा दिया।

बीजेपी नेता ऋतु जायसवाल ने की FIR की मांग

इस मामले में बीजेपी नेता ऋतु जायसवाल ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मांग की कि छठ पूजा और व्रत रखने वाली महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने के लिए यश के खिलाफ बिहार के हर जिले में एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।

उन्होंने पुलिस से कॉमेडियन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की। ऋतु का कहना है कि ऐसी टिप्पणियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति बिहार के त्योहारों और परंपराओं का इस तरह अपमान करने की हिम्मत न करे।

संजय निरुपम ने भी लगाई फटकार

राजनेता और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट संजय निरुपम ने भी यश माहेश्वरी की टिप्पणी पर नाराजगी जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अगर कोई बिहारी इस व्यक्ति को थप्पड़ मार दे तो वह अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला होने की बात करने लगेगा।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी की धार्मिक भावनाओं और मान्यताओं का मजाक उड़ाना अभिव्यक्ति की आजादी है? उनकी इस पोस्ट के बाद विवाद और बढ़ गया।

विवाद बढ़ने पर यश ने मांगी माफी

लगातार हो रही आलोचना के बीच यश माहेश्वरी ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें बिहार की संस्कृति और छठ पूजा को लेकर इस तरह का मजाक नहीं करना चाहिए था।

कॉमेडियन ने कहा कि उनका किसी की धार्मिक भावनाओं या त्योहार को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि वह अपनी टिप्पणी के लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं और भविष्य में इस तरह का कंटेंट नहीं बनाएंगे।

यश ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह अपनी इस गलती से सीखेंगे और आगे ऐसी गलती नहीं दोहराएंगे।

माफी के बाद भी सोशल मीडिया पर गुस्सा

यश की माफी के बावजूद कई सोशल मीडिया यूजर्स संतुष्ट नहीं हैं। लोगों का कहना है कि केवल माफी मांग लेने से किसी समुदाय की भावनाओं को पहुंची ठेस खत्म नहीं हो जाती। कई यूजर्स ने बिहार पुलिस को टैग करते हुए कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल यश माहेश्वरी का विवादित वीडियो यूट्यूब से हटाया जा चुका है और उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी उपलब्ध नहीं दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि इस मामले में बिहार पुलिस क्या कार्रवाई करती है।

Updated on:
25 Nov 2026, 7:49 AM IST
Published on: